संवादाता कानड़ : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
खबर का असर – विभाग की नींद तो खुली, लेकिन गड्ढों पर मुरम डालकर कर दी खानापूर्ति। दुपाड़ा जोड़ से कड़ियां–भड़भूंजी प्रधानमंत्री सड़क की स्थायी मरम्मत अब भी अधर में।
कानड़ः दुपाड़ा सड़क से कड़ियां होते हुए भड़भूंजी तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया। हालांकि सड़क की गुणवत्ता सुधारने के बजाय बड़े-बड़े गड्ढों में केवल मुरम डालकर खानापूर्ति कर दी गई। विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीणों और वाहन चालकों में नाराजगी है। लंबे समय से सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि समाचार प्रकाशित होने के बाद सड़क की स्थायी मरम्मत होगी, लेकिन विभाग ने अस्थायी मरम्मत कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के इस मौसम में मुरम अधिक समय तक टिक नहीं पाएगी। पहली ही तेज बारिश में मुरम बह जाएगी और सड़क फिर गड्ढों में तब्दील हो जाएगी। ऐसे में दुर्घटनाओं का खतरा पहले की तरह बना रहेगा। अंचल के लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से ग्राम में बनी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की केवल औपचारिक मरम्मत नहीं, बल्कि तकनीकी के अनुरूप डामरीकरण और स्थायी सुधार कराया जाए। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क की ऐसी दुर्दशा और विभाग की खानापूर्ति विकास कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।






