संवाददाता कन्नौज (उ.प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
खाद की दुकानों पर छापा, एक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित
कन्नौज: जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर कृषि विभाग ने गुरुवार को जिले में उर्वरक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान खाद के नमूने लिए गए। मानीमऊ क्षेत्र में वितरण रजिस्टर में किसानों की फार्मर आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज न करने पर एक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता ने बताया कि मियागंज स्थित सुपर ट्रेडर्स के यहां 500 बोरी एनपीके खाद मिली। गुणवत्ता जांच के लिए इसका एक नमूना लिया गया। हरदोई मोड़ स्थित एमके ट्रेडर्स के यहां 200 बोरी यूरिया का स्टॉक मिला। विक्रेता को किसानों की फसल की जरूरत और निर्धारित मानकों के अनुसार खाद वितरित करने के निर्देश दिए गए।
तिखवा, मानीमऊ स्थित आवश्यक खाद भंडार के निरीक्षण में वितरण रजिस्टर में किसानों की फार्मर आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज नहीं किए जाने की अनियमितता मिली। इस पर विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यहां से एनपीके खाद का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से खाद खरीदते समय फार्मर आईडी, आधार कार्ड और खतौनी साथ ले जाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में 18,569.3 मीट्रिक टन यूरिया, 7,056.7 मीट्रिक टन डीएपी, 14,783.06 मीट्रिक टन एनपीके, 3,707.25 मीट्रिक टन पोटाश और 4,223.99 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है। किसानों से अनावश्यक खाद का भंडारण न करने की अपील की गई है।






