संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
18 शिक्षण संस्थानों में गूंजेगा पीएम का नशा मुक्त युवा अभियान का संदेश।
कन्नौज: नशा मुक्त भारत के संकल्प को लेकर रविवार को जिले के 18 शिक्षण संस्थानों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री देशभर के युवाओं से वर्चुअल संवाद कर ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से आयोजित कार्यक्रम को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर निर्धारित संस्थानों में प्रसारण और युवाओं की सहभागिता के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कार्यक्रम के समन्वय के लिए MY Bharat स्वयंसेवकों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ‘Drug Free India @2047’ के विजन को साकार करना है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही स्वच्छता संबंधी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
जिले के विभिन्न केंद्रों में कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा, जिसमें जीडीसी डिग्री कॉलेज बंगर, पीएसएम कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक तिर्वा, आईटीआई कॉलेज तालग्राम, नेहरू पीजी कॉलेज छिबरामऊ, राजकीय बालिका पॉलिटेक्निक जसौदा सहित अन्य शिक्षण संस्थान शामिल हैं।
जिला युवा अधिकारी ने युवाओं से अपील की कि वे निर्धारित केंद्रों पर समय से पहुंचकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुनें और नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।






