संजय सोंधी
(संयुक्त निदेशक)
शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
करोड़पति गौ-माता और ठेकेदार जी की दिव्य लीला
दुनिया में लोग किस्मत चमकाने के लिए ना जाने क्या-क्या पापड़ बेलते हैं—कोई उंगलियों में नीलम, पुखराज सजाए घूमता है, तो कोई वास्तु शास्त्र के चक्कर में घर के शौचालय का दरवाजा तोड़कर उत्तर-पूर्व दिशा में लगा लेता है। लेकिन हमारे राजस्थान के जालौर वाले ठेकेदार नरेंद्र पुरोहित जी ने किस्मत का जो ‘मास्टर फॉर्मूला’ खोज निकाला है, उसने तो देश के बड़े-बड़े कॉरपोरेट गुरुओं की भी हवा टाइट कर दी है। नरेंद्र जी ने किस्मत चमकाने का क्रेडिट किसी बिजनेस स्कूल की डिग्री को नहीं, बल्कि अपनी गैया मैया को दे दिया है।
अरे भाई, जब गाय किस्मत की चाबी बन जाए, तो फिर उस पर सिर्फ हरा चारा और भूसा खर्च करना तो सरासर नाइंसाफी होगी ना! बस फिर क्या था, ठेकेदार जी ने अपनी भामाशाह वाली तिजोरी खोल दी और गैया मैया को पूरे 24 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों से लाद दिया। अब हमारी गौ-माता सिर्फ दूध नहीं देतीं, बल्कि साक्षात चलती-फिरती ‘कुबेर की तिजोरी’ बन चुकी हैं। गले में सोने का चमचमाता हार, पैरों में छमछम करती चांदी की पायजेब और सींगों पर मुकुट सजते ही अब मोहल्ले की बाकी गायें भी नरेंद्र जी की गैया को देखकर हीन भावना का शिकार हो रही होंगी। गलियों में मुंह मारे फिरने वाली बेचारी आवारा गायें भी सोच रही होंगी कि “काश! हम भी नरेंद्र जी के ही यार्ड में जाकर रंभाए होते, तो आज सड़क की पन्नी चबाने के बजाय गले में 24 लाख का हार लटकाकर इतरा रहे होते!”
कहानी यहीं खत्म नहीं होती, नरेंद्र जी का मानना है कि इस गाय के कदम पड़ते ही उनके रेलवे ठेकेदारी के धंधे में ऐसी लक्ष्मी बरसी कि नोट गिनने की मशीनें भी हांफने लगीं। जब गाय ने ठेकेदार जी को करोड़पति बना ही दिया, तो ठेकेदार जी ने भी गैया के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से एक शाही ‘गौ-महल’ बनवाना शुरू कर दिया। जी हां, खूंटे और टिन शेड वाले दिन अब हवा हो गए। अब तो मैया के लिए एयर-कंडीशनर, नक्काशीदार संगमरमर और शाही झूमरों वाला महल तैयार हो रहा है। कल को अगर रेलवे के टेंडर में कोई अड़चन आई, तो ठेकेदार जी को किसी बड़े मंत्री के बंगले के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बस महल में जाकर मैया के आगे दो रोटी रखनी होंगी और टेंडर पास!
इस अनूठी खबर ने तो देश के सारे चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और इकोनॉमिस्ट्स के होश उड़ा दिए हैं। अब तक लोग शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और रियल एस्टेट में पैसा लगाकर रिटर्न का इंतजार करते थे, लेकिन जालौर के इस अनोखे ‘काउ-इकोनॉमिक्स’ ने साबित कर दिया कि असली एसेट (Asset) तो ‘काऊ’ (Cow) ही है। अगर किसी बिजनेसमैन का घाटा हो रहा हो, तो उसे मैनेजमेंट बदलने के बजाय बस एक भाग्यशाली गैया ढूंढकर उसे 20-30 लाख का सोना पहना देना चाहिए, फिर देखिए कैसे धड़ाधड़ टेंडर छूटते हैं!
सचमुच, इस अनोखी भक्ति और बिजनेसमैन वाले दिमाग के संगम को सलाम है। जहाँ आम इंसान महंगे गहने बैंक के लॉकर में छुपाकर रखता है और रात भर चोरी के डर से सो नहीं पाता, वहीं हमारे ठेकेदार जी ने लाखों का सोना सीधे गाय के गले में टांग दिया है। अब देखना यह है कि क्या इस ‘करोड़पति गैया’ को देखकर इलाके के चोर अपनी नीयत खराब करेंगे या फिर ‘गौ-पाप’ के डर से दूर से ही हाथ जोड़कर निकल लेंगे।






