राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
मैनपाट, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
दो पैर का दीमक
एक छोटे से गाँव में रामू नाम का युवक रहता था। वह शरीर से स्वस्थ था, हाथ-पैर दोनों ठीक थे लेकिन काम करने से उसे सख़्त नफ़रत थी। सुबह से शाम तक वह या तो चारपाई पर लेटकर मोबाइल चलाता रहता या फिर दूसरों के काम को देखकर हँसता रहता और उल्टे सीधे कॉमेंट्स करता।
गाँव में सब लोग मिल-जुलकर खेतों में काम करते, कुछ सिंचाई करते, कुछ बीज बोते, कुछ फसल काटते। लेकिन रामू हमेशा कहता
“क्या फायदा इतना मेहनत करने का? क़िस्मत में जो लिखा है वो मिलेगा ही,, समय आने दो, सबका समय आता है,, मेरा भी समय आएगा,, सब ठीक कर दूंगा,, अभी तो आराम /ऐश करने का समय है, जिंदगी तो एक बार ही मिलती है।
धीरे-धीरे रामू की आलस्य की आदत उसके आसपास के कुछ युवकों में भी फैलने लगी। वे भी काम छोड़कर बैठ बैठे मोबाइल पर फड़कीले गाने सुनते,, गंदे वीडियो देखते,, बीड़ी गांजा, गुटका खाते और शाम को शराब पीकर हुल्लड़ करते। पहले एक, फिर दो, फिर चार… और कुछ ही समय में गाँव के कई हाथ काम से जी चुराने लगे। जिस खेत में पहले सोना उगता था, वहाँ अब घास और जंगली पौधे नाच रहे थे, सिंचाई की नालियाँ बंद हो गईं। अनाज कम पड़ने लगा, गाँव के बुजुर्ग चिंतित हो उठे।
एक दिन गाँव के मुखिया ने सबको इकट्ठा किया और कहा भैया-बहनों! क्या तुमने कभी दीमक को देखा है? वह लकड़ी को बाहर से नहीं खाता, अंदर से खाता है, धीरे-धीरे चुपचाप और एक दिन लकड़ी का ढेर गिर जाता है। समाज में आजकल ऐसे दो पैर के दीमक बढ़ गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आलसी और अकर्मण्य नशाखोर लोग भी समाज के दीमक हैं। वे खुद काम नहीं करते, दूसरों का उत्साह भी तोड़ देते हैं और जब बहुत सारे हाथ काम छोड़ देते हैं, तो पूरा समाज कमजोर हो जाता है।
रामू वहाँ खड़ा मुखिया की बात सुन रहा था। पहली बार उसके मन में कुछ हलचल हुई। लेकिन आलस्य इतना गहरा बैठ चुका था कि वह सोच समझ नहीं पा रहा था,, घर लौट आया और चारपाई पर लेट गया। कुछ महीने बाद उसके घर में भुखमरी पैदा हो गई अनाज खत्म होने पर वह पड़ोसी गाँवों से अनाज माँगने लगा साथ उसके दोस्तों की हालत भी दयनीय हो गई। रामू के परिवार में उसकी माँ भूखे रहने से बीमार पड़ गई लेकिन दवा के पैसे नहीं थे। उसने चाचा और मामा को फोन लगाया किसी एक पैसा भी उसकी माँ के इलाज़ को नहीं दिया, एक शाम रामू उदास अपनी माँ के सिरहाने बैठा था माँ ने कमजोर आवाज़ में रोते हुए कहा -बेटा… अगर तुमने समय पर घर गृहस्थी और खेती का काम किया होता तो आज हम इस हाल में नहीं होते तुम्हारी आलस्य और नशाखोरी ने न सिर्फ तुम्हें, बल्कि हम सबको अंदर से खोखला कर दिया, पूरा समाज तेरे नाम से थु- थूं कर रहा है। माँ की बातें रामू के दिल में तीर की तरह चुभ गईं। अगली सुबह वह उठा, कई महीनों बाद वह खेत की ओर चला, उसके हाथों में उतनी ताकत भी नहीं बची थी हल चला सके फिर जी जान से पसीना बह रहा था, उसने हार नहीं मानी।
धीरे-धीरे अन्य युवक भी उसके साथ जुड़ने लगे, सबको अपनी गलती का अहसास हो गया था। धीरे धीरे गाँव फिर से हरा-भरा होने लगा।
रामू की मां स्वस्थ हुई।
रामू अब अक्सर बच्चों को कहता -आलस्य और नशा सिर्फ हमारा दुश्मन नहीं है वह पूरे समाज का दीमक है। अगर हम काम नहीं करोगे, तो तुम सिर्फ खुद को नहीं, बल्कि अपने परिवार, अपने गाँव और अपने देश को भी अंदर से खोखला कर देंगे तब से गाँव में एक कहावत प्रचलित हो गई आलसी, अकर्मण्य और नशेड़ी लोग समाज के दो पैर वाले दीमक हैं। उन्हें समय रहते पहचानो… वरना एक दिन ये दीमक पूरा समाज निगल जाएगा।
आज देश के नवयुवक और कहीं कहीं युवतियाँ भी आलस, अकर्मण्यता नशा की गिरफ्त में हैं जरूरत है हर नागरिक,संस्था और सरकार को दो पैर के दीमक को पहचाने साथ ही बढ़ते टर्माइट के प्री और पोस्ट ट्रीटमेंट करने की।






