सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री, लेखिका व शिक्षिका
रिपोर्टर, उद्घोषिका, नवापारा-राजिम
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
लेख:
थकान से आगे निकल कर देखिए
: सुश्री सरोज कंसारी
===========================
जीवन के इस अविराम सफर में हर इंसान को कुछ न कुछ पाने की चाह है, यही वजह है कि अपने सपने को पूर्ण करने हर कोई भाग रहा है। हर इंसान सफल होना चाहता है, जिसके लिए मेहनत करना जरूरी है। व्यक्तित्व के विकास और जीवन की जरूरत को पूरी करने की इस दौड़ में कोई पीछे नहीं रहना चाहता। बिना ख्वाहिश के मनुष्य जीवन में अधूरापन ही होता है। जीवित इंसान का मन अक्सर तलाश में भटकता ही रहता है, एक सुंदर सुखी जीवन की चाह लिए। जीवन की इस दौड़ की मंजिल कहां है कोई नहीं जानता? लेकिन एक उम्मीद हमेशा जीवित रहती है मन में, जो हमें चलने के लिए प्रोत्साहित करती है। जीवन में दौड़ते-भागते, जिम्मेदारी निभाते कभी-कभी थकान होना स्वाभाविक है, पर सच में खुशियों को पाना है तो रुकिए मत! थकान से घबराइए मत, कुछ देर आराम के बाद अपने सपनों की उड़ान जारी रखिए।
कविता:
अपनी वाणी और हौसलों को
तू सदा बुलंद रखना,
बढ़ते रहना आगे ही आगे,
निरंतर पग बढ़ाए चलना।
थमना कभी न तू राहों में,
बस आगे बढ़ते जाना,
जीवन के हर एक पल में,
उत्सुकता बनाए रखना।
संघर्ष की आग में तपने के बाद ही जीवन में निखार आता है। थकान से आगे जाकर देखिए! जीत आपका इंतजार कर रही है। जब मन थकने लगे, कदम डगमगाने लगे, हौसले टूटने लगे तब भीतर के आत्मबल की ज्वाला को जलाइए और अपने सपने को याद कीजिए। एक जिद जिंदगी को नया मोड़ देती है, तुम भी थकान को हराने की जिद कर अपनी जीत सुनिश्चित करो। जीवन में टूटकर जुड़ना है। अपने अधिकार के लिए लड़कर बढ़ना है। अपने व्यवहार से हर दिल जीतना है। जहाँ जैसी जरूरत वैसे ही बन जाना है। जीवन के हर सफर में खुद को नया आकार देते रहिए।
सदा मनुज को अपनी वाणी में मधुरता व दृढ़ता रखनी चाहिए और अपने आत्मविश्वास (हौसलों) को कभी भी कमजोर नहीं होने देना चाहिए। जीवन यात्रा में चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, बिना रुके और बिना थमे निरंतर आगे बढ़ते रहना ही प्रगति का असली नियम है। जीवन को बोझ समझने के बजाय, उसके हर एक क्षण को पूरी उत्सुकता, उत्साह और नया सीखने की चाह के साथ जीना चाहिए, क्योंकि सकारात्मक सोच और कभी न हार मानने वाला जज्बा ही इंसान को उसकी मंजिल तक ले जाता है।
सदा यह स्मरण रहे कि देह थकती है, मन नहीं। इसलिए मन को दृढ़ और सबल बनाए रखना परम आवश्यक है। अपने व्यवहार की मधुरता और सुंदरता को अक्षुण्ण बनाए रखें। संसार जो कहे, उसे कहने दें। अपने हौसलों और अपने जुनून की लौ को सदैव प्रज्वलित रखिए।






