सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री, लेखिका, शिक्षिका
रिपोर्टर, उद्घोषिका, नवापारा-राजिम
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
लेख:
आज का दिन ईश्वर का उपहार है
: सुश्री सरोज कंसारी
——————————
आज जो लम्हा हम जी रहे हैं, वह बेहद खास है। यह भगवान का दिया सबसे अनमोल तोहफा है, इसलिए इस पल को व्यर्थ न करें। जीवन के पथ में बहुत सी रुकावटें आती हैं। मनुष्य जीवन में कई तरह की शारीरिक-मानसिक, आर्थिक और कई तरह की समस्याएं होती हैं और सांसारिक जीवन यापन करते हुए हम सुख-दुख की प्रक्रिया से गुजरते ही हैं। कभी अतीत के दुखों का बोझ लेकर कई शिकायतें होती हैं, तो कभी भविष्य को लेकर चिंतित होते हैं, पर जो इन सांसों की मोहलत को समझते हैं और वक्त के साथ चलते हैं, वही इस पल का आनंद ले पाते हैं।
जीवन की हर उलझन, तनाव को भुलाकर जब हम इन लम्हों को पूरे दिल की गहराइयों से जीते हैं, तब यह साकार होता है। मन-वचन और कर्म को शुद्ध-सात्विक और सरल कीजिए। अपने जीवन का वास्तविक आनंद लेना है तो भूल जाइए हर शिकवे-शिकायतें, काश! और क्यों? नफरत को भूल प्यार से संवारिए इस क्षण को। आज जो यह जीवन मिला है हमें जीने के लिए, कितने दिन तक हम रहेंगे नहीं जानते, पर जो भी क्षण हैं, उसके हर पल को साकार कीजिए।
जब हम रिश्ते-नाते, मोह-माया, काम-क्रोध, भोग-विलास में लिप्त हो जाते हैं और अपने ही स्वार्थ-सुविधा के लिए छल-कपट, ईर्ष्या-द्वेष, षड्यंत्र-धोखा करते हैं, तब यह मानव जीवन व्यर्थ हो जाता है। हर सांस के बाद हमें नव जीवन मिलता है, तो क्यों न हम अमानत में मिले जीवन के हर क्षण को साकार करें और अच्छे कर्मों से मानव जीवन को धन्य करें। आज का दिन उपहार है जिससे हमें हर क्षण जीवन की नश्वरता का बोध होता है और नेक कर्म ही विकल्प है इस सांसारिक मोह-जाल से निकलने का। जो बीत गया वो अब वापस नहीं आएगा, इसलिए किसी गलती, होनी-अनहोनी, हादसे-दुर्घटना पर पछतावा करने की बजाय इस जीवन के हर पल को यादगार बनाइए और कल क्या हुआ इसे भूलकर आज क्या करें, इस पर चिंतन कीजिए।
आज को जीकर हमें खुशियों के फूल बांटने होंगे, सुख-दुख को समझना और उन्हें महसूस करना होगा। चेहरे पर मुस्कान लिए आगे बढ़ना होगा और इस वर्तमान में जीना होगा। आज और इसी पल में खुद को पूरी तरह संभालना है। जीवन कभी समस्या नहीं होता, जीवन का अर्थ है सीखना, गाना, हंसना, आगे बढ़ना, संघर्ष करना और निरंतर चलते जाना। हमेशा सही पथ पर आगे बढ़ते रहना ही जीवन है।






