ब्यूरो मुजफ्फरपुर, (बिहार): कुमार संदीप
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सुरों की साधना से सफलता के शिखर की
ओर बढ़ते सत्यम कुमार (छोटू)।
रामपुरदयाल, बंदरा (मुजफ्फरपुर): जब प्रतिभा को साधना का संबल, गुरुजनों का मार्गदर्शन और बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त होता है, तब सफलता की राह स्वयं प्रशस्त होने लगती है। बिहार की पावन माटी से निकले बंदरा प्रखंड अंतर्गत रामपुर दयाल गांव के युवा गायक सत्यम कुमार (छोटू) ने अपनी सुर-साधना और प्रतिभा के बल पर India’s Talent Fight TV Reality Show Season-7 के सेमी-फाइनल राउंड में स्थान बनाकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
रामपुरदयाल, बंदरा प्रखंड के निवासी सत्यम कुमार बचपन से ही संगीत के प्रति अनुरक्त रहे हैं। वर्तमान में पूसा-दिघरा, समस्तीपुर में अपनी शैक्षणिक यात्रा के साथ संगीत-साधना को निरंतर आगे बढ़ा रहे सत्यम के स्वरों में रियाज की तपस्या, आत्मविश्वास की दृढ़ता और ईश्वर के प्रति आस्था की मधुर अनुगूंज सुनाई देती है।
उनकी इस उपलब्धि के पीछे निरंतर अभ्यास के साथ गुरुजनों एवं संगीत टीम के सदस्यों का मार्गदर्शन तथा परिवार का स्नेह और आशीर्वाद महत्वपूर्ण आधार रहा है। पिता अंजनी कुमार त्रिवेदी, दादा रामविलास त्रिवेदी एवं नानाजी गुलाब राय का स्नेह, आशीर्वाद और प्रेरणा सत्यम की संगीत यात्रा को निरंतर ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
सेमी-फाइनल राउंड में स्थान बनाना सत्यम के लिए महज एक उपलब्धि नहीं, बल्कि उस साधना की पहली बड़ी दस्तक है, जिसकी मंजिल अभी दूर है। उनकी सफलता में बिहार की उस माटी की सुगंध भी समाहित है, जहाँ प्रतिभा संसाधनों की सीमाओं से ऊपर उठकर अपने संकल्प और संस्कारों के बल पर पहचान गढ़ती है।
सत्यम कुमार की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, गुरुजनो और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है। प्रभु की कृपा, गुरुजनो के मार्गदर्शन और बड़ों के आशीर्वाद से सत्यम के सुर निरंतर नई ऊँचाइयों को स्पर्श करें और उनकी स्वर-साधना सफलता के स्वर्णिम शिखर तक पहुँचे-इसी मंगलभावना के साथ उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ।





