सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
विधायक आशा नौटियाल ने ताला–बरंगाली मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का किया भूमिपूजन।
₹3.16 करोड़ की लागत से होगा मोटर मार्ग का
डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य।
ऊखीमठ: केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने ताला–बरंगाली मोटर मार्ग पर 3.16 करोड़ की लागत से डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र वासियों ने विधायक नौटियाल का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। उक्त मोटर मार्ग के डामरीकरण से ताला, उषाड़ा, हुड्डू, बरंगाली, दैडा, दुर्गाधार, पाब जगपुडा व तुंगनाथ घाटी के दर्जनों गाँवों को लाभ मिलेगा।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि ताला–बरंगाली मोटर मार्ग का डामरीकरण एवं सुधारीकरण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग की जा रही थी। 3.16 करोड़ की लागत से होने वाले इस कार्य से मोटर मार्ग की स्थिति में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केदारनाथ विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होना क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे ग्रामीणों को दैनिक आवागमन, कृषि कार्यों, विद्यार्थियों तथा अन्य आवश्यक गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी।
कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं अन्य जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि मेरा प्रयास है कि विकास का लाभ दूरस्थ गांवों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचे और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ताला–बरंगाली मोटर मार्ग का सुधारीकरण क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


इस अवसर पर अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश बजवाल, पिंकी देवी, भरत नेगी, ग्राम प्रधान प्रेम सिंह, शिशुपाल सिंह, प्रतिपाल सिंह, अनीता देवी, विनोद सिंह, नंदन सिंह रावत, योगेन्द्र नेगी, बलबीर राणा एवं भरत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

