सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
कालीमठ घाटी को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा।
विधायक आशा नौटियाल ने 3.75 करोड़
के कार्य का किया भूमिपूजन।
केदारनाथ विधानसभा का सर्वांगीण विकास
करना प्राथमिकता– आशा नौटियाल।
ऊखीमठः केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कालीमठ–कोटमा–जाल–चौमासी मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। 3.75 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से कालीमठ घाटी के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
इस मोटर मार्ग के सुधारीकरण से कालीमठ, कविल्ठा, कोटमा, खुन्नू, जालतल्ला, जाल मल्ला, चिलौण्ड, स्यासू और चौमासी सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। सड़क की स्थिति बेहतर होने से ग्रामीणों को दैनिक आवागमन, कृषि गतिविधियों, विद्यार्थियों की आवाजाही तथा अन्य आवश्यक कार्यों में सहूलियत मिलेगी। लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा की अपेक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह कार्य महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भूमिपूजन के अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि कालीमठ–कोटमा–जाल–चौमासी मोटर मार्ग का डामरीकरण एवं सुधारीकरण क्षेत्रवासियों की आवश्यकता और लंबे समय से चली आ रही मांग से जुड़ा कार्य है। इसके पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था अधिक सुगम बनेगी। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनसुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों की जरूरतों को समझते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलें और स्थानीय विकास को नई गति प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार गांवों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के अनुरूप केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में भी आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक आशा नौटियाल ने विश्वास व्यक्त किया कि कालीमठ–कोटमा–जाल–चौमासी मोटर मार्ग का डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इससे कालीमठ घाटी के अनेक गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी,जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस, मंडल अध्यक्ष किरन शुक्ला, सीमा असवाल, राय सिंह राणा, बिपिन सेमवाल, प्रधान कुलदीप सिंह, बलबीर रौथाण, अनिल शाह, प्रदीप राणा, बिशंभर भट्ट, प्रदीप राणा, कुंवर सिंह, कुलदीप तिंदौरी, बीरबल सिंह, सते सिंह आदि मौजूद रहे।






