मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
गैरसैंण में आंदोलनकारियों पर वाटर कैनन के प्रयोग एवं पुलिस कार्रवाई के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल की प्रेस कॉन्फ्रेंस।
अल्मोड़ा: आज दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के जिला कार्यालय, अल्मोड़ा में दल के संरक्षक काशी सिंह ऐरी की उपस्थिति में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान उत्तराखंड क्रांति दल के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा किए गए वाटर कैनन के प्रयोग एवं प्रशासनिक कार्रवाई की कड़ी निंदा की गई।
काशी सिंह ऐरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने और सरकार के समक्ष अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है। आंदोलनकारियों पर वाटर कैनन का प्रयोग करना तथा आम जनता की आवाज को दबाने का प्रयास करना लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के प्रति गंभीर सवाल खड़े करता है। इस कार्रवाई से जनता में आक्रोश व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, मूल निवास लागू करने तथा सशक्त भू-कानून बनाने जैसी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर ज्ञापन देने जा रहा था। ये मांगें राज्य की पहचान, युवाओं के भविष्य और उत्तराखंड के मूल निवासियों के अधिकारों से जुड़ी हैं।
ऐरी जी ने पुलिस द्वारा सड़क अवरुद्ध किए जाने से आम नागरिकों और मरीजों को हुई परेशानी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि आम जनता अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरती है तो प्रशासन कार्रवाई करता है, लेकिन जब स्वयं प्रशासन द्वारा सड़क अवरुद्ध की जाती है और आम लोगों को परेशानी होती है, तो इसकी जवाबदेही कौन तय करेगा?
उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए, न कि आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग करके उनकी मांगों को दबाने का प्रयास करना चाहिए। उत्तराखंड क्रांति दल जनहित के इन मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, केंद्रीय मंत्री त्रिलोक लटवाल, केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, जिला महामंत्री प्रताप सिंह, जिला महामंत्री देवेश जोशी, महानगर अध्यक्ष मोहित साह, महानगर अध्यक्ष युवा वन कंवल, विनय किरोला, दीवान बनोला, गणेश सिंह, सुजीत टम्टा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







