संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
आगर जिले में मौत की गुत्थी उलझी का सनसनीखेज मामला….. हत्या या हादसा?
हादसे की वारदात से 2 KM दूर मिला युवक का शव मिलने से गहराया रहस्य, पुलिस जांच में जुटी है।
कानड़ : रविवार को कानड़-सारंगपुर मार्ग पर सेमली जोड़ के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कानड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान पंकज पिता मोहनलाल शर्मा, निवासी आगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जबकि शव दुर्घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर कानड़ मार्ग पर बरामद हुआ। बाइक और शव के बीच इतनी दूरी होने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे सड़क दुर्घटना से जोड़कर देख रही है, लेकिन बाइक एक स्थान पर और शव दो किलोमीटर दूर मिलने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव दुर्घटनास्थल से इतनी दूर कैसे पहुंचा।
निरीक्षक राजकुमार दांगी के अनुसार मृतक की मोटरसाइकिल दुर्घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली, जबकि उसका शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर आगे कानड़ मार्ग पर सेमली जोड़ के यहां बरामद हुआ। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि दुर्घटनास्थल पर मोटरसाइकिल मिलने के बावजूद मृतक का शव दो किलोमीटर दूर कैसे पहुंचा? क्या यह महज सड़क दुर्घटना है या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच का विषय बना हुआ है।
जहाँ बाइक दुर्घटना ग्रस्त हालात में मिली वहाँ आगर कोतवाली थाना लगता है और वही से 2 किमी दूर जहां शव मिला वहां कानड़ थाना लगता है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान पंकज पिता मोहनलाल शर्मा निवासी आगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पंकज पूर्व में एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। कानड़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया तथा मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






