मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
जिला उद्योग केन्द्र अल्मोड़ा के सहयोग से पैलाग फाउंडेशन द्वारा।
विकास खंड स्याल्दे में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुभारंभ।
अल्मोड़ा: जिला उद्योग केन्द्र, अल्मोड़ा के सहयोग से पैलाग फाउंडेशन द्वारा विकासखंड स्याल्दे के देघाट स्थित उप्रेती होमस्टे के हॉल में आज दिनांक 15 नवम्बर 2026 से 05 दिसम्बर 2026 तक आयोजित होने वाले 21 दिवसीय सॉफ्ट टॉयज निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र की 20 महिला प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन पैलाग फाउंडेशन की मास्टर ट्रेनर श्रीमती अनीता टम्टा, ग्राम पंचायत गुगुती की ग्राम प्रधान श्रीमती कमला रावत, ग्राम पंचायत भरसोली की ग्राम प्रधान श्रीमती मेनाक्षी देवी तथा ग्राम पंचायत बसनाल की ग्राम प्रधान श्रीमती रजनी पपनै द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पैलाग फाउंडेशन की प्रतिनिधि श्रीमती रमा देवी ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि 21 दिनों के दौरान महिलाओं को लगभग 50 प्रकार के सॉफ्ट टॉयज बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार एवं छोटे उद्यम स्थापित करने के लिए तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान बैंकिंग संस्थानों, जिला उद्योग केन्द्र (DIC), ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP) तथा Rural Business Incubator (RBI) सहित संबंधित विभागों एवं संस्थानों के विशेषज्ञों के 5–6 विशेष सत्र आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इन सत्रों में प्रतिभागियों को स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने, वित्तीय सहायता, उद्यम पंजीकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध सहायता एवं सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त पैलाग फाउंडेशन के विभिन्न रिसोर्स पर्सन्स द्वारा भी अलग-अलग दिनों में प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, उत्पाद की गुणवत्ता, डिजाइन, उत्पादन, पैकेजिंग एवं बाजार से जुड़ने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
पैलाग फाउंडेशन का प्रयास है कि ग्रामीण महिलाओं को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए उन्हें स्वरोजगार, स्थानीय उद्यमिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक कौशल एवं जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और पलायन को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।








