सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक परम्पराओं के साथ शीतकाल के लिए बन्द हुए द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के कपाट।
चल विग्रह उत्सव डोली ने शुरू की शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ की यात्रा।
आज रात्रि प्रवास के लिए पहुंचेगी गौण्डार गांव
19 नवम्बर को ऊखीमठ में विराजमान होगी डोली
ऊखीमठ: पंचकेदारों में द्वितीय केदार के रूप में विख्यात भगवान मदमहेश्वर के कपाट विधि-विधान, धार्मिक परम्पराओं और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शीतकाल के लिए बन्द कर दिए गए। इसी के साथ उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित मदमहेश्वर धाम की छह माह की ग्रीष्मकालीन यात्रा का भी समापन हो गया है। कपाट बन्द होने के पावन क्षणों के साक्षी बनने के लिए 6080 श्रद्धालु मदमहेश्वर धाम पहुंचे। कपाट बन्द होने के पश्चात भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान कर दिया।
भगवान मदमहेश्वर के कपाट बन्द होने की प्रक्रिया प्रातःकाल से ही धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हो गई थी। मंदिर में पुजारियों एवं वेदपाठियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान का विशेष पूजन किया गया। निर्धारित धार्मिक परम्पराओं के निर्वहन के पश्चात शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बन्द कर दिए गए। इस दौरान मदमहेश्वर धाम भगवान शिव के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान मदमहेश्वर के दर्शन कर क्षेत्र एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।
कपाट बन्द होने के बाद भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने शीतकालीन प्रवास के लिए अपने परम्परागत पैदल मार्ग से प्रस्थान किया। डोली रात्रि प्रवास के लिए गौण्डार गांव पहुंचेगी। गौण्डार में ग्रामीणों द्वारा भगवान की उत्सव डोली का पारम्परिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मंगलवार को डोली राकेश्वरी मन्दिर रांसी गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि प्रवास के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। डोली के आगमन को लेकर मदमहेश्वर घाटी के ग्रामीणों में विशेष उत्साह बना हुआ है। भगवान मदमहेश्वर के कपाट होने के पावन अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश परमार व पौड़ी निवासी नारायण जुयाल द्वारा नानूं में भण्डारे का आयोजन किया गया। सह डोली प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि मदमहेश्वर धाम में ग्रीष्मकाल की अवधि में 81, 785 तीर्थ यात्रियों ने दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
19 नवम्बर को ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी डोली
भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली 19 नवम्बर को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। डोली के ऊखीमठ आगमन पर मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन होंगे। डोली के स्वागत को लेकर ऊखीमठ सहित मनसूना क्षेत्र में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डोली के आगमन पर मनसूना एवं ऊखीमठ में पारम्परिक मेलों का आयोजन होगा, जिसमें मदमहेश्वर घाटी सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों के पहुंचने की उम्मीद है।
ओंकारेश्वर मंदिर में होगी शीतकालीन पूजा-अर्चना
मदमहेश्वर धाम के कपाट बन्द होने के बाद अब आगामी छह माह तक भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विधि-विधान से सम्पन्न होगी। परम्परा के अनुसार शीतकाल में भगवान की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल पर विराजमान रहती है। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर भगवान मदमहेश्वर के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
मदमहेश्वर धाम की यात्रा के समापन के साथ ही घाटी के ग्रामीणों, तीर्थ पुरोहितों, व्यापारियों एवं यात्रा से जुड़े लोगों की गतिविधियां अब शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ की ओर केंद्रित होने लगी हैं। भगवान मदमहेश्वर की डोली के आगमन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और उत्सव का माहौल बना हुआ है। इस मौके पर बद्री केदार मन्दिर समिति सदस्य विनीत पोस्ती, राकेश्वरी मन्दिर समिति अध्यक्ष मदन भट्ट, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, शिवानन्द पंवार, वीरेन्द्र पंवार सहित गौण्डार, रांसी, उनियाणा के हकू – हकूधारी व हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।








