संवाददाता मुजफ्फरपुरः सुनील कुमार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071

डायट रामबाग में दो दिवसीय कला समेकित शिक्षा एवं STEAM आधारित कार्यशाला का सफल समापन।
मुजफ्फरपुर: 20 नवंबर 2026 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट), रामबाग, मुजफ्फरपुर में आयोजित दो दिवसीय कला समेकित शिक्षा एवं STEAM आधारित कार्यशाला का उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य डी.एल.एड. प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं में शिक्षण संबंधी व्यावहारिक कौशल विकसित करना था, ताकि वे विद्यालयों में विभिन्न विषयों का अध्यापन सरल, रोचक, रचनात्मक एवं प्रभावी तरीके से कर सकें।
कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन डायट के प्राचार्य श्री इंद्रजीत कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कला और विज्ञान अलग-अलग नहीं, बल्कि एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। वैदिक काल से ही कला और विज्ञान का समन्वय देखने को मिलता है। हवन वेदी की आकृति में ज्यामिति के ज्ञान का उपयोग इसका उदाहरण है। इसी प्रकार त्रिकोणमिति, क्षेत्रमिति एवं वृत्त जैसे गणितीय सिद्धांतों का प्रयोग मानव जीवन में कला के माध्यम से होता रहा है।
उन्होंने कुम्हार के चाक का उदाहरण देते हुए कहा कि इसमें गणित, विज्ञान और कला का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। यदि शिक्षक अपने विषय के अध्यापन में विभिन्न विषयों के तथ्यों को एकीकृत कर प्रस्तुत करें, तो शिक्षण अधिक सरल, रोचक और स्थायी बन सकता है।
DIET के वरीय व्याख्याता डॉ. पवन कुमार ने कहा कि मनुष्य का संपूर्ण जीवन कला से परिपूर्ण है। कला के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती।
वहीं डॉ. उपेन्द्र कुमार ने कहा कि कला केवल वस्तुओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि अच्छी आदतों को अपनाना, प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखना और जीवन को सही दिशा देना भी कला के ही विभिन्न स्वरूप हैं।
कार्यशाला के अंतर्गत प्रशिक्षुओं को दो समूहों में विभाजित कर कला आधारित शिक्षण एवं STEAM आधारित शिक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कला आधारित शिक्षण सत्र की शुरुआत कला की मुख्य साधन सेवी कनिष्का मुस्कान एवं कठपुतली कला विशेषज्ञ श्री सुनील कुमार ने की, जबकि STEAM आधारित शिक्षण सत्र का संचालन नाजिया खान ने किया।
कला आधारित शिक्षण सत्र में कठपुतली कला के माध्यम से बच्चों के भाषाई कौशल के विकास तथा शिक्षण को अधिक मनोरंजक एवं प्रभावशाली बनाने के तरीके बताए गए। कठपुतलियों के निर्माण एवं उनके शैक्षणिक उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षुओं ने विभिन्न प्रकार की कठपुतलियों का निर्माण करना सीखा और यह समझा कि किस प्रकार कठपुतली के माध्यम से कठिन विषयों को भी सरल एवं रोचक बनाया जा सकता है।
दूसरी ओर, STEAM आधारित शिक्षण सत्र में प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रोजेक्ट के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों का दैनिक जीवन में उपयोग करना सिखाया गया। साथ ही विभिन्न विषयों के तथ्यों को आपस में जोड़कर समेकित एवं प्रभावी शिक्षण करने की विधियों से परिचित कराया गया।
कार्यशाला के समापन तक प्रशिक्षुओं ने कठपुतली निर्माण, रचनात्मक गतिविधियों तथा STEAM आधारित प्रोजेक्ट के माध्यम से शिक्षण के नए और व्यावहारिक तरीकों का अनुभव प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण से उनमें कला, विज्ञान एवं तकनीक के समन्वय द्वारा बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को अधिक आनंददायक और प्रभावी बनाने की क्षमता विकसित हुई।
इस अवसर पर डायट के व्याख्याता श्री प्रिय रंजन, श्री अर्जुन गिरी, श्री अमित सौरभ, श्रीमती दीप्ति कुमारी, श्रीमती शालिनी कुमारी, श्री कलामउल्लाह, श्री रवीन्द्र कुमार, श्री राकेश सिन्हा, श्री विजय कुमार, श्रीमती अपर्णा कुमारी एवं श्री सुजीत कुमार सहित हुमाना की सृष्टि कुमारी उपस्थित थीं।
दो दिवसीय यह कार्यशाला प्रशिक्षुओं के लिए ज्ञानवर्धक, रचनात्मक एवं उपयोगी सिद्ध हुई।






