राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 39)
जेल की चारदीवारी के भीतर जीवन बाहर की दुनिया से कुछ अलग ही ढंग से करवटें लेता है। यहाँ समय केवल घड़ी की सुइयों से नहीं, बल्कि बंदियों के व्यवहार, अधिकारियों की मानसिकता और परिस्थितियों के उतार-चढ़ाव से अपनी गति निर्धारित करता है। राजन के लिए जेल केवल एक सरकारी दायित्व नहीं था, बल्कि वह एक ऐसी प्रयोगशाला थी, जहाँ मनुष्य के भीतर छिपी अच्छाई और बुराई को परखने का अवसर मिलता था। उसका विश्वास था कि अपराध करने वाला प्रत्येक व्यक्ति जन्मजात अपराधी नहीं होता। परिस्थितियाँ, संगति, अभाव और कभी-कभी व्यवस्था की विफलताएँ भी मनुष्य को अपराध की दुनिया में धकेल देती हैं, इसलिए वह जेल प्रशासन को दंड के साथ सुधार का माध्यम बनाना चाहता था।
राजन ने अपने कार्यकाल में जेल की व्यवस्था को एक नई दिशा दी थी। अनुशासन के साथ मानवीय संवेदना, कठोरता के साथ न्याय और प्रशासनिक दृढ़ता के साथ साहित्यिक दृष्टिकोण उसकी कार्यशैली के प्रमुख आधार बन गए थे। बंदियों के बीच उसका व्यवहार ऐसा था कि वे उससे अपनी समस्याएँ कहने में संकोच नहीं करते थे। वह उनकी बातें ध्यान से सुनता, उनकी परिस्थितियों को समझता और जहाँ आवश्यक होता, वहाँ कठोर निर्णय लेने से भी पीछे नहीं हटता था।
लेकिन किसी भी व्यवस्था में जब सकारात्मक परिवर्तन होने लगता है, तब कुछ लोगों को वह परिवर्तन अपनी प्रतिष्ठा के लिए चुनौती प्रतीत होने लगता है। राजन की बढ़ती लोकप्रियता और जेल में स्थापित होती अनुशासनपूर्ण व्यवस्था कुछ अधिकारियों को भीतर ही भीतर खटकने लगी थी। विशेषकर कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के मन में उसके प्रति ईर्ष्या और असंतोष पनपने लगा था। वे यह स्वीकार नहीं कर पा रहे थे कि एक साहित्यप्रेमी, संवेदनशील और व्यवहारकुशल अधिकारी किस प्रकार बंदियों के बीच इतना प्रभाव स्थापित कर सकता है। उन्हें राजन की सफलता अपनी असफलता जैसी दिखाई देने लगी थी।
इसी कुंठित मानसिकता का परिणाम था कि दो जेलरों के बीच पहले से मौजूद मतभेद धीरे-धीरे गहराने लगे, प्रशासनिक निर्णयों को लेकर दोनों के विचार अलग थे। एक दूसरे की कार्यशैली में कमियाँ निकालता और दूसरा पहले की बातों को महत्वहीन बताता। दुर्भाग्यवश, उनके व्यक्तिगत अहंकार और आपसी खींचतान का प्रभाव जेल की आंतरिक व्यवस्था पर पड़ने ही था । राजन ने परिस्थितियों को भाँप लिया था। वह जानता था कि जेल जैसी संवेदनशील संस्था में अधिकारियों के बीच असहमति केवल व्यक्तिगत विवाद नहीं रहती, उसका सीधा प्रभाव बंदियों के मनोबल और अनुशासन पर पड़ता है। उसने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके मन का वैमनस्य समाप्त नहीं हुआ।
आखिरकार एक दिन वही हुआ जिसकी आशंका राजन को भीतर ही भीतर परेशान कर रही थी। जेल के कुछ बंदियों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। कुछ शातिर और आदतन अपराधियों ने इस स्थिति का लाभ उठाने का प्रयास किया। उन्हें लगा कि अधिकारियों के आपसी मतभेद के कारण प्रशासन कमजोर पड़ गया है और यही अवसर है जब अपनी मनमानी की जा सकती है। धीरे-धीरे बंदियों के दो समूह आमने-सामने आ गए। वातावरण में तनाव फैल गया। जेल के भीतर अनुशासन की वर्षों की मेहनत पर जैसे अचानक संकट के बादल मंडराने लगे।
सूचना मिलते ही राजन सक्रिय हो उठा। उसके चेहरे पर चिंता अवश्य थी, लेकिन घबराहट का कोई भाव नहीं था। उसने तत्काल जिलाधीश और पुलिस अधीक्षक से संपर्क स्थापित किया। परिस्थितियों की गंभीरता से उन्हें अवगत कराया और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। जिलाधीश ने प्रशासनिक समन्वय बनाए रखने की सलाह दी, वहीं पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। राजन ने स्थिति को केवल बल प्रयोग से नियंत्रित करने के बजाय विवेक, संवाद और प्रशासनिक दृढ़ता के साथ संभालने का निर्णय लिया।
वह जानता था कि ऐसे अवसर पर एक छोटी-सी चूक भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। उसने बंदियों की वास्तविक समस्याओं और विवाद के पीछे सक्रिय तत्वों को समझने पर ध्यान केंद्रित किया। उसने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी बंदी के साथ अन्याय नहीं होगा, लेकिन जेल की मर्यादा और अनुशासन को चुनौती देने की अनुमति भी किसी को नहीं दी जाएगी। उस दिन राजन का एक अलग ही व्यक्तित्व सामने आया, जो बंदी उसे साहित्य की चर्चा करते, कविताएँ सुनते और मानवीय संवेदनाओं की बातें करते देखते थे, उन्होंने पहली बार उसके भीतर छिपे कठोर प्रशासक को पहचाना। उसकी आवाज में न अनावश्यक उत्तेजना थी और न ही किसी प्रकार की कमजोरी बल्कि उसके निर्णयों में स्पष्टता थी और व्यवहार में दृढ़ता सबको समझ आई ।
कुछ शातिर बंदियों ने उसे हल्के में लेने की भूल की थी। वे समझते थे कि संवेदनशीलता का अर्थ कमजोरी होता है। लेकिन उस दिन उन्हें समझ में आ गया कि जो व्यक्ति दूसरों के दुःख को महसूस कर सकता है, वह आवश्यकता पड़ने पर अन्याय और अनुशासनहीनता के सामने चट्टान की तरह खड़ा भी हो सकता है।राजन ने अपनी सूझबूझ, जिलाधीश और पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा प्रशासनिक समन्वय से अंततः स्थिति को नियंत्रित कर लिया। बंदियों के बीच शांति स्थापित हुईऔर जेल की व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट कर तेजी से दौड़ने लगी जिसे उच्च न्यायालय के जजों ने तारीफ़ की साथ ही नव – नियुक्त न्यायाधीशों को प्रशिक्षण देने आमंत्रित किया ।
इस घटना के बाद राजन ने एक महत्वपूर्ण सबक अपने मन में अंकित कर लियाजेल प्रशासन में केवल नियमों का ज्ञान पर्याप्त नहीं होता, बल्कि अधिकारियों के बीच पारस्परिक विश्वास, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व भी उतने ही आवश्यक हैं। उसने दोनों जेलरों को भी यह समझाने का प्रयास किया कि उनका पद व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का मंच नहीं, बल्कि एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। उनके आपसी मतभेदों का दुष्परिणाम सैकड़ों बंदियों और पूरे संस्थान को भुगतना पड़ सकता है। समय अपनी गति से आगे बढ़ता रहा।अगले तीन वर्षों तक जेल में शांति, अनुशासन और प्रगतिशील गतिविधियों का वातावरण बना रहा। राजन ने बंदियों के भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने, उन्हें मानवीय मूल्यों से जोड़ने और जेल जीवन को रचनात्मक दिशा देने के अपने प्रयास जारी रखे। उसके लिए यह संतोष की बात थी कि जेल अब केवल दंड भुगतने का स्थान नहीं रह गई थी, बल्कि सुधार और आत्मचिंतन की संभावनाओं से युक्त संस्था बनती जा रही थी।
इस बीच राजन के जीवन का एक दूसरा पक्ष भी आकार ले रहा था। वह समझता था कि सामाजिक परिवर्तन केवल सरकारी पदों और प्रशासनिक आदेशों से संभव नहीं है। समाज के बीच रहकर, लोगों को साथ जोड़कर और संगठित प्रयासों से ही किसी विचार को स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है। यहीं से उसके मन में एक संस्था को साकार करने का विचार और अधिक प्रबल हुआ।
राजन की पत्नी सज्जो भी उसके विचारों और सामाजिक प्रतिबद्धताओं से भलीभाँति परिचित थीं। वह जानती थीं कि राजन के मन में केवल अपने परिवार के सुख-सुविधापूर्ण जीवन की आकांक्षा नहीं है, बल्कि वह समाज के वंचित, जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों के लिए भी कुछ करना चाहता है।
राजन की भावनाओं को समझते हुए सज्जो ने इस दिशा में आगे आने का निर्णय लिया। उन्होंने ‘आदर्श समाज स्वप्न साकार संस्था’ के पंजीयन की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली। यह केवल एक संस्था का पंजीयन नहीं था, बल्कि राजन और सज्जो के साझा स्वप्न को सामाजिक धरातल पर उतारने की शुरुआत थी। संस्था का नाम ही उसके उद्देश्य को स्पष्ट करता था एक ऐसे आदर्श समाज का निर्माण, जहाँ मानवीय संवेदना, शिक्षा, न्याय, समानता और सामाजिक उत्तरदायित्व को महत्व मिले।
सज्जो ने संस्था के गठन और पंजीयन की प्रक्रिया में विशेष रुचि ली। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं को पूरा करने में समय दिया। धीरे-धीरे अधिवक्ता, साहित्यकार, बुद्धिजीवी और समाजसेवी इस अभियान से जुड़ने लगे। किसी ने अपने कानूनी ज्ञान से सहयोग देने की बात कही, तो किसी ने साहित्य और वैचारिक मार्गदर्शन का आश्वासन दिया। कुछ समाजसेवियों ने आर्थिक सहयोग की इच्छा जताई, तो कुछ ने अपना समय और श्रम देने का संकल्प लिया।
संस्था धीरे-धीरे एक परिवार का रूप लेने लगी। यहाँ किसी के पद या प्रतिष्ठा से अधिक उसके विचार और सामाजिक प्रतिबद्धता का महत्व था। राजन के लिए यह अत्यंत सुखद अनुभव था कि जिन आदर्शों को वह अपने मन में वर्षों से सँजोए हुए था, वे अब केवल उसकी कल्पना तक सीमित नहीं रह गए थे। सज्जो ने उन्हें साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठा लिया था।
राजन जब भी इस संस्था के बारे में सोचता, उसके मन में सज्जो के प्रति सम्मान और गहरा हो जाता। वह समझता था कि किसी व्यक्ति की सफलता के पीछे केवल उसकी अपनी मेहनत नहीं होती, बल्कि परिवार का धैर्य, विश्वास और मौन सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। सज्जो ने अपने व्यवहार से यह प्रमाणित कर दिया था कि वह केवल राजन की जीवनसंगिनी नहीं, बल्कि उसके सामाजिक स्वप्नों की सहभागी भी हैं।
राजन अपने परिवार के भविष्य को लेकर भी गंभीरता से विचार कर रहा था।
सरकारी सेवा की अनिश्चितताओं के बीच उसका सबसे बड़ा संकल्प था कि बच्चों की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। वह जानता था कि स्थानांतरण और नौकरी की व्यस्तताओं के कारण बच्चों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। इसलिए उसने बिलासपुर में एक स्थायी घर खरीदने का निर्णय लिया।यह निर्णय आसान नहीं था।उसके पास अपनी सीमित बचत थी। गृहस्थी की जिम्मेदारियाँ थीं और बच्चों की शिक्षा का खर्च भी लगातार बढ़ रहा था। फिर भी उसने हिम्मत नहीं छोड़ी। बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया पूरी की और अपनी जमा पूँजी को मिलाकर बिलासपुर में एक मकान खरीद लिया।
उस मकान को खरीदते समय उसके मन में केवल ईंट, पत्थर और छत का विचार नहीं था। वह अपने बच्चों के लिए एक ऐसा सुरक्षित ठिकाना तैयार करना चाहता था, जहाँ वे नियमित रूप से पढ़ सकें, अपने मित्र बना सकें और जीवन के प्रारंभिक वर्षों में स्थिरता का अनुभव कर सकें। मकान की चाबी हाथ में लेते समय राजन के मन में एक अलग ही संतोष था। उसे लगा कि जीवन की भागदौड़ में उसने अपने परिवार के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर लिया है। यह घर उसके संघर्षों की कमाई था। बैंक का ऋण अवश्य था, लेकिन उसके पीछे भविष्य को लेकर एक स्पष्ट दृष्टि भी थी। वह जानता था कि मकान खरीद लेना ही सफलता नहीं है, उस घर में बच्चों के सपनों को आकार देना ही उसकी वास्तविक उपलब्धि होगी।
बिलासपुर में बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। अश्मि की कॉलेज की पढ़ाई नियमित रूप से आगे बढ़ने लगी। गुरु का प्रवेश हाई स्कूल में कराया गया, जहाँ उसकी शिक्षा व्यवस्थित ढंग से चलने लगी। वहीं पुरू को प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला। तीनों बच्चों की पढ़ाई अपने-अपने स्तर पर नियमित होने लगी। राजन के लिए यह दृश्य किसी पुरस्कार से कम नहीं था। दिनभर जेल की जिम्मेदारियों में उलझा रहने वाला पिता जब बच्चों की पढ़ाई की खबर सुनता, उनकी प्रगति के बारे में जानता और उनके भविष्य की योजनाओं पर विचार करता, तो उसके भीतर एक नई ऊर्जा का संचार होता।
उसे अपने बचपन और जीवन के संघर्ष याद आते। कितनी ही बार परिस्थितियों ने उसे निराश करने का प्रयास किया था, कितनी ही बार सीमित संसाधनों के बीच उसने अपने सपनों को जीवित रखा था। शायद इसी कारण वह अपने बच्चों को ऐसी परिस्थितियों में नहीं देखना चाहता था, जहाँ आर्थिक अभाव उनकी शिक्षा के रास्ते में बाधा बन जाए। उसका मानना था कि बच्चों को विरासत में धन-संपत्ति मिले या न मिले, लेकिन अच्छी शिक्षा और संस्कार अवश्य मिलने चाहिए। यही ऐसी पूँजी है जिसे कोई चुरा नहीं सकता और जिसे समय भी नष्ट नहीं कर सकता।
सज्जो ने भी घर और बच्चों की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से सँभाला। एक ओर संस्था के सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का उत्साह था, दूसरी ओर बच्चों की पढ़ाई और परिवार की व्यवस्था। उन्होंने इन सभी दायित्वों के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास किया। राजन जब बिलासपुर आता, तो घर में बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर चर्चा होती। सज्जो संस्था की गतिविधियों के बारे में बतातीं। अधिवक्ताओं, साहित्यकारों और समाजसेवियों के जुड़ने की बातें सुनकर राजन का उत्साह बढ़ जाता। उसे लगता कि जीवन के दो महत्वपूर्ण मोर्चों पर उसके प्रयास एक साथ आगे बढ़ रहे हैं एक ओर जेल में बंदियों के सुधार और अनुशासन का कार्य, दूसरी ओर समाज में आदर्शों की स्थापना और परिवार के भविष्य का निर्माण। वह कभी-कभी रात के एकांत में बैठकर इन सब बातों पर विचार करता।
जेल की ऊँची दीवारें उसे याद दिलातीं कि मनुष्य को केवल बंद करके सुधारा नहीं जा सकता, उसके भीतर आशा और विश्वास भी जगाना पड़ता है। वहीं बिलासपुर का अपना घर उसे यह एहसास कराता कि परिवार की सुरक्षा और बच्चों की शिक्षा के बिना जीवन का कोई भी सामाजिक आदर्श अधूरा है।उसके मन में एक बात बार-बार उभरती “मनुष्य का वास्तविक कर्मफल केवल उसकी पदोन्नति, प्रतिष्ठा या धन-संपत्ति नहीं होता। उसका सच्चा कर्मफल वह परिवर्तन है, जो उसके प्रयासों से दूसरों के जीवन में दिखाई देता है। यदि किसी बंदी के भीतर सुधार की भावना जाग जाए, किसी जरूरतमंद को सामाजिक सहारा मिल जाए और अपने बच्चों को बेहतर भविष्य देने का अवसर मिल जाए, तो जीवन की सार्थकता अपने आप सिद्ध हो जाती है।”
बिलासपुर केन्द्रीय जेल में अनुशासन स्थापित किया था, समाज के लिए एक संस्था का स्वप्न साकार करने की पहल की थी और अपने परिवार के लिए एक स्थायी घर की व्यवस्था की थी। इन उपलब्धियों के पीछे कोई चमत्कार नहीं था। था तो केवल निरंतर परिश्रम, कठिन परिस्थितियों से जूझने का साहस, सज्जो का सहयोग और भविष्य के प्रति अटूट विश्वास। उसे यह भी मालूम था कि जीवन में आगे अभी अनेक परीक्षाएँ बाकी हैं। पद, प्रतिष्ठा और परिस्थितियाँ स्थायी नहीं होतीं। आज जो व्यवस्था शांत है, कल फिर कोई चुनौती सामने आ सकती है। आज जो स्वप्न साकार हो रहा है, उसे कल और बड़े दायित्वों के साथ आगे बढ़ाना होगा। लेकिन अब राजन पहले से अधिक आश्वस्त था।उसने समझ लिया था कि जीवन की वास्तविक विजय एक ही क्षेत्र में सफल हो जाने से नहीं मिलती। एक अच्छा प्रशासक, संवेदनशील सामाजिक कार्यकर्ता, जिम्मेदार पति और दूरदर्शी पिता इन सभी भूमिकाओं का संतुलित निर्वहन ही मनुष्य को पूर्णता की ओर ले जाता है।
(शेष कल)






