संवाददाता आगर मालवाः गोवर्धन कुम्भकार।
जल संवर्धन के कार्य करने के निर्देश भी दिए गए…ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत प्याऊ की उपलब्धता सुनिश्चित करें – कलेक्टर श्री सिंंह।
जिले में अधिकाधिक संख्या में जल संरक्षण तथा संवर्धन के कार्य किये जाए।
समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश।
आगर मालवा : कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने निर्देश दिए हैं कि ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत जिले में प्याऊ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी में सभी व्यक्तियों को ठंडा जल उपलब्ध हो सके। सोमवार को समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जिले में तालाबों के गहरीकरण, ज्यादा से ज्यादा संख्या में तालाब निर्माण, बोरी बंधान आदि जल संरक्षण तथा जल संवर्धन के कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नंदा भलावे कुशरे,एसडीएम सर्वेश यादव, संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके अधीक्षक भू अभिलेख प्रीति चौहान आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर द्वारा बैठक में निर्देशित किया गया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में विगत दिनों निर्मित किए गए अमृत सरोवरों को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए साथ ही जिले की समस्त तहसील कार्यालय में भू-जल पुनर्भरण सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। जिले के वन विभाग तथा उद्यानिकी विभाग को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पौधारोपण के लिए निर्देशित किया गया। ग्राम पंचायतो में तालाब व चेक डेम जीर्णोद्धार कराने तथा वर्तमान ग्रीष्म ऋतु में पलायन की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। इसके साथ ही जन अभियान परिषद के माध्यम से भी आधिकाधिक संख्या में तालाब तथा बोरी बंधान निर्माण करने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में अन्य विभागों की भी समीक्षा कलेक्टर श्री सिंह द्वारा की गई। शिक्षा विभाग में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करने, शहरी तथा ग्रामीण निकायों में पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत 10 हजार, 20 हजार तथा 50 हजार रुपए के ऋण जिले को आवंटित लक्ष्यानुसार हितग्राहियों को उपलब्ध कराने, ग्रीष्म में पशुओं का टीकाकरण और पलिथीन कचरे का सुनियोजित ढंग से निष्पादन करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूलों में प्रवेश पंजीयन, पाठ्य पुस्तकों का वितरण और मध्याह्न भोजन के संबंध में भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। कलेक्टर द्वारा जिले की गौशालाओं में पशुओं की स्थिति, गौशालाओं को जारी अनुदान, जिले में वर्तमान में जारी समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन, खरीदी केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदान उपलब्धता, आयुष्मान कार्ड निर्माण, फार्मर रजिस्ट्री, सीमांकन, नामांकन, बंटवारा आदि प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। शासन के निर्देश अनुसार जिले में ई-ऑफिस अवधारणा पर शत’प्रतिशत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान बैठक में उपस्थित नहीं रहने पर जिला संयोजक जनजाति कार्य विभाग का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा दिए गए।






