ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
लंबे समय से विकास प्राधिकरण का विरोध आज भी जारी, लेकिन सरकार नहीं निकाल रही कोई समाधान।
अल्मोड़ाः सर्वदलीय संघर्ष समिति द्वारा लंबे समय से जिला विकास प्राधिकरण का विरोध आज भी जारी है। समिति के बैनर तले एकजुट होकर तमाम पार्टी व संगठनों के लोगों ने मंगलवार 3 जून 2025 को नगर के चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
गांधी पार्क में हुई बैठक में तमाम वक्ताओं ने जिला विकास प्राधिकरण के कारण जनता को हो रही परेशानियों को सरकार द्वारा अनदेखा किए जाने पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जनता की परेशानियों को सरकार के सामने रखा गया है लेकिन अबतक इसे समाप्त नहीं किया गया है। प्राधिकरण के गलत मानकों के चलते नए मकानों के निर्माण में हो रही दिक्कत से आम जनता परेशान है। इसमें जनता का पैसा भी और समय भी बरबाद हो रहा है। उन्होंने प्राधिकरण को शीघ्र समाप्त करने की मांग की है। चेतावनी देते हुए कहा कि प्राधिकरण को शीघ्र समाप्त न करने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर वहां मोहन पंत, तारा चंद्र शाह, पूरन रौतेला, महेश चन्द्र आर्या, प्रतेश कुमार पांडे, रोबिन मनोज भण्डारी, पितांबर पाण्डे, लक्ष्मण ऐठानी, प्रताप सिंह सत्याल, सहाबुद्दीन, निजाम कुरेशी, हेम जोशी आदि मौजूद थे।








