महेन्द्र मद्धेशिया
छात्र— सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर)
सलहन्तपुर, दुल्हा शुमाली, सिद्धार्थनगर- (उत्तर प्रदेश)
विकास के नीचे दबा आदमी
फुटपाथ पर लेटा है वो आदमी,
नजरें टिकाए हैं उस होर्डिंग पर —
जहाँ लिखा है, “सबको मिलेगा पक्का मकान!”
और तस्वीर में मुस्कुरा रहे हैं कुछ मंत्री।
सिरहाने रखे हैं कुछ टूटे हुए खिलौने,
जिनसे अब उसकी बेटी नहीं खेलती —
क्योंकि वो नींद में भी भीग जाती है
हर बूँद बारिश की उसे नींद से जगा देती है।
कभी टपकती छत की बात होती थी,
अब तो छत होना ही एक सपना है।
झुग्गियाँ हटा दी गईं “साफ-सफाई” के नाम पर,
और कहा गया — “विकास जरूरी है!”
वो सोचता है —
“क्या मैं विकास में बाधा हूँ?”
या फिर बस इतना कमज़ोर
कि मेरी चुप्पी को सबने मौन समर्थन मान लिया?
रात को नींद नहीं आती,
क्योंकि सड़कें सख़्त होती हैं —
और सपने भी।
पास से गुज़रती कारें
धूल छोड़ती हैं, दया नहीं।
सरकार कहती है — “योजना चल रही है”,
पर पेट की तरह इंतज़ार भी रोज़ खाली सोता है।
और वो आदमी —
अपने बदन को दीवार समझकर
हर तूफ़ान को रोकने की कोशिश करता है।
विशेष— युगभारती (2020) नामक काव्य- संग्रह का प्रकाशन तथा उत्तर प्रदेश संस्कृति एवं पर्यटन विभाग द्वारा सम्मानित।







