मुरादाबादः मनोज रस्तोगी
जितेन्द्र कमल आनन्द को दिग्गज मुरादाबादी स्मृति सम्मान से किया सम्मानित।
पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर साहित्यिक मुरादाबाद ने दयानंद डिग्री कॉलेज में किया सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन।
मुरादाबादः मुरादाबाद मंडल के साहित्य के प्रसार एवं संरक्षण को पूर्ण रूप से समर्पित संस्था साहित्यिक मुरादाबाद की ओर से साहित्यकार स्मृतिशेष दिग्गज मुरादाबादी की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें हिन्दी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए रामपुर के प्रतिष्ठित साहित्यकार जितेन्द्र कमल आनन्द को अंगवस्त्र, मानपत्र, श्रीफल भेंट कर दिग्गज मुरादाबादी स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। वंदेभारत संस्था की ओर से धवल दीक्षित और मयंक शर्मा द्वारा उन्हें भारत माता का चित्र भेंट किया गया।
सिविल लाइन स्थित दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय में आयोजित समारोह का शुभारंभ सह संयोजक मनोज मनु द्वारा मां सरस्वती वंदना की प्रस्तुति से हुआ। साहित्यिक मुरादाबाद के संस्थापक डॉ मनोज रस्तोगी ने स्मृतिशेष दिग्गज मुरादाबादी का जीवन परिचय प्रस्तुत करते हुए कहा कि 5 जनवरी 1930 को जन्में दिग्गज मुरादाबादी की दो काव्य कृतियां सीता का अंतर्द्वंद्व और श्री करवाचौथ व्रत कथा प्रकाशित हो चुकी हैं । उनका देहावसान 21 जुलाई 2009 को हुआ।
वरिष्ठ साहित्यकार राम किशोर वर्मा ने सम्मानित विभूति जितेन्द्र कमल आनन्द का परिचय प्रस्तुत करते हुए कहा आपकी प्रकाशित काव्य कृतियों में जयबाला जी, आनंद प्रवाह , श्री हनुमत उपासना- श्रीशुभ संवत, ब्रह्म कृपा हि केवलम् , राजयोग महागीता (परम पुनीता), गीत आनंद के , मधुशाला -हाला-प्याला, आनंद छंद माला (तीन भाग) उल्लेखनीय हैं।
संयोजक राजीव सक्सेना ने कहा कि जहाँ एक ओर उनका व्यक्तित्व बेहद सहज , भव्य और विराट था वहीं दूसरी ओर उनका कृतित्व सरल,प्रवाहमय किंतु मौलिक था।दिग्गज जी एक अद्वितीय बालकवि थे ।
समारोह के अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार उमाकांत गुप्त ने कहा दिग्गज जी की बाल कविताओं में बच्चों का मनोवैज्ञानिक चित्रण मिलता है।
इस अवसर पर दिग्गज मुरादाबादी की रचनाओं की सस्वर प्रस्तुति भी की गई। डॉ पूनम बंसल ने उनका गीत तुम गुलाब की कोमल कलिका श्वेत सारिका रूपनगर की, अनुराग रुहेला ने कांवर भरने जाना है तो कुछ मत सोच विचार करो, डॉ रीता सिंह ने सबसे श्रेष्ठ सबसे पावन मैया का दरबार है , डॉ पुनीत कुमार ने उनकी बाल कविता रिक्शा वाला प्रस्तुत की।
डा. महेश ‘दिवाकर’ ने कहा कि वे छंदप्रिय साहित्यकार थे। स्वच्छंद रचनाओ के वे कतई पक्षधर नहीं थे। उर्दू साहित्य शोध केंद्र के संस्थापक डॉ मुहम्मद आसिफ हुसैन ने कहा कि दिग्गज मुरादाबादी ऐसे एक मात्र शायर हैं जिसने ग़ज़ल के बजाय उर्दू में बाल साहित्य की रचना की।
डॉ. प्रेमवती उपाध्याय ने कहा वे राष्ट्र के प्रति भावुक और प्रचंड कट्टरचिन्तन के धनी थे।स्वदेश भटनागर ने कहा दिग्गज जी ने समूचे अर्थों में अपनी कविता को जिया। श्री कृष्ण शुक्ल ने कहा उनकी रचनाओं में श्रंगार, अंतर्द्वंद, पीड़ा और जीवन का यथार्थवादी चित्रण मिलता है।
उदय प्रकाश सक्सेना उदय ने कहा उनकी रचनाओं में आम आदमी की भाषा में हास्य व्यंग्य का समावेश है।
मीनाक्षी ठाकुर ने कहा दिग्गज जी ने अपनी बाल रचनाओं में बालकों के मन में उतर कर उनके भीतर छिपे भावों को कागज पर बहुत सादगी से उकेरा है।
दुष्यंत बाबा ने कहा उन्होंने बाल कविताएं लिखी, गीत गजल नज्में लिखी और अध्यात्म दर्शन से ओतप्रोत रचनाएं भी लिखीं।
डॉ. प्रीति हुंकार ने कहा उन्होंने अपनी रचना प्रतिभा से जीवन मूल्यों को पुनर्स्थापित करने का कार्य किया है ।
राजीव ‘प्रखर’ ने कहा उनकी रचनाएं बच्चों के साथ बड़ों के हृदय को भी भीतर तक स्पर्श करने की क्षमता रखती हैं।
योगेन्द्र पाल सिंह विश्नोई, फक्कड़ मुरादाबादी, डॉ. राकेश चक्र, रघुराज सिंह निश्चल, के डी शर्मा, काले सिंह साल्टा, वीरेंद्र सिंह बृजवासी, डॉ कृष्ण कुमार नाज़, जिया जमीर, राजकुमार वर्मा, सोहनलाल भारती आदि ने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर योगेंद्र वर्मा व्योम, कमल शर्मा, राशिद हुसैन, शिव ओम वर्मा, डॉ. राकेश जैसवाल,नकुल त्यागी, वंशी लाल बंसी, समीर तिवारी, गायत्री शर्मा, अनूप भटनागर, अमित सक्सेना, राम सिंह कश्यप, श्री घनश्याम सिंह चौहान, सतीश चंद्र आदि उपस्थित रहे। आभार राजीव सक्सेना ने व्यक्त किया।







