डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
चौपाइयाँ (शिव-स्तुति)
हे शिवशंकर,हे त्रिपुरारी।
हरो कष्ट आ हे शशिधारी।।
चहुँ-दिशि छाया है अँधियारा।
चाहे सकल विश्व उजियारा।।
नंदी पर चढ़ कर आ जाओ।
आकर डमरू-नाद सुनाओ।।
धार त्रिशूल असुर संहारो ।
आ कलंकिनी धरा सवाँरो।।
तांडव नृत्य दिखा प्रभु शंकर।
हरो नाथ भव-रोग भयंकर।।
खोले आँख तीसरी भोले ।
करो भस्म सब महि-अघ-गोले।।
माथे चंद्र -गंग- जलधारा।
गले भुजंग,रूप अति प्यारा।।
भोले शंकर औघड़- दानी ।
हैं पति शंकर मातु भवानी।।
भस्म-भभूति लगा तन शोभित।
रूप निरख होता जग मोहित।।
शत-शत नमन तुम्हें जग-स्वामी।
करो विनाश जगत-खल-कामी।।
आओ मिल शिव-रात्रि मनाएँ।
शंकर-वंदन कर सुख पाएँ ।।
महाकाल की महिमा भारी।
जय शिवशंकर,जय त्रिपुरारी।।
बेल-पत्र ले जा शिव-मंदिर।
करें प्रार्थना,करें मन स्थिर।।
निश्चित शिव-आशीष मिलेगी।
जग में पूरी शांति रहेगी ।।







