काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
ज्वार भाटा
करे चढ़ाई ज्वार हमेशा।
लौटे भाटा अपने देशा।।
उन्नति- अवनति यही नियति है।
यही सृष्टि की सत्य प्रकृति है।।
जो ऊपर चढ़ता वह गिरता।
जो गिरता वह पुनि पुनि उठता।।
उठना गिरना यही नियम है।
चलते रहना ही संयम है।।
जाना आना नित यात्रा है।
दोनों पर आ की मात्रा है।।
मात्रा से जीवन की कविता।
बहती मधुरिम निर्मल सरिता।।
जन्म ज्वार जब विकसित होता।
अपने पथ पर चलता रहता।।
पर इक दिन वह थम जाता है।
मौलिकता में रम जाता है।।







