डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
गीत(सावनी हरियाली)
देख सावनी हरियाली को,
याद पिया की आती है।
चमक-दमक कर मुई दामनी,
तन में आग लगाती है।।
मस्त पवन पुरुवा जब बहता,
तन लेता अँगड़ाई है।
मन को विरह-वेदना साले,
तड़पन गले लगाई है।
गरज बादलों की अंबर से,
रह-रह बहुत सताती है।।
तन में आग लगाती है।।
नर्तन करता लख मयूर को,
होती मुदित मयूरी है।
पा पानी प्यासी धरती की,
होती इच्छा पूरी है।
पर,सावन की घटा सलोनी,
मुझको तो झुलसाती है।।
तन में आग लगाती है।।
गा कजरी झूले पे सखियाँ,
हँसी-ठिठोली करती हैं।
भीग-भीग कर वर्षा-जल में,
मुझसे ऐसा कहती हैं।
निर्मोही तेरे साजन को,
याद नहीं तड़पाती है।।
तन में आग लगाती है।।
आ जाओ हे प्रियतम मेरे,
आकर लाज बचा लो अब।
गृद्ध-दृष्टि लोगों की पड़ती,
आकर उसे भगा दो अब।
समझ उलट रहती लोगों की,
केवल दोष गिनाती है।।
तन में आग लगाती है।।
………………………………………………………………………….
डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
शिव-महिमा(16/14)
इस सावन में शिव-महिमा से,
मन-मंदिर उजियार रहे।
कटे कष्ट जन-जन का जग में,
कहीं नहीं अँधियार रहे।।
मेघ बरसते हैं सावन में,
शिव के आशीर्वाद से।
हरी-भरी धरती हो जाती,
शंकर के ही प्रसाद से।
रोग-मुक्त संसार सकल हो,
सजा सदा दरबार रहे।
कहीं नहीं अँधियार रहे।
जाते हैं मस्ती में गाते,
करने को अभिषेक सभी।
नगर-गाँव शिव-मंदिर में जा,
करें काम यह नेक सभी।
बम-बम की मीठी बोली से,
गुंजित हर घर-द्वार रहे।।
कहीं नहीं अँधियार रहे।।
शिव-प्रसाद हर जन को मिलता,
जिसने उन्हें पुकारा है।
कर देते हैं नष्ट उसे भी,
जिसने उन्हें नकारा है।
दुनिया को भोले बाबा का,
मिलता सदा दुलार रहे।।
कहीं नहीं अँधियार रहे।।
सावन की बूँदें अमृत हैं,
इनमें शिव का वास रहे।
झम-झम गिरतीं जल-बूँदों में,
भोले का आभास रहे।
घटे कभी न आस्था अपनी,
बना सदा शिव-प्यार रहे।।
कहीं नहीं अँधियार रहे।।







