प्रो. डॉ. मंजू वर्मा,
रिटायर्ड प्रोफेसर पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़।
मेरे 71 वें जन्म दिवस के अवसर पर 13 अगस्त 2025
हैलो जिन्दगी!
विक्रम संवत 2011 के
श्रावण-मास की
शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को
पंजाब के एक सीमांत शहर की
मखु गेट कॉलोनी में
लालाजी की पीली हवेली में
तीसरी पीढ़ी का आगमन हुआ
यह क्या….
कोई शोर न शराबा
न कोई जश्न न अफसोस
‘पुत्री थी न’
सब सामान्य था
भय तो इस बात का था
कि यह जीयेगी कैसे….
छोटे से सिर वाली
कपड़े में लिपटी
दुर्बल-क्षीण काया को देख
लालाजी बोले
‘ये पढ़ेगी कैसे’
लालाजी शिक्षाविद् थे न
उस महीन क्षीण काया ने
आंखें खोल दादाजी को देख
आश्वासन दिया
‘मैं पढूंगी दादाजी!’
मानो उसने सब सुना हो
वक़्त सरकता गया
ज़िन्दगी बढ़ती गई….
यौवन की दहलीज पर
खुली आंखों से
उसने ख़ूबसूरत सा
एक सपना देखा
खाकी पोशाक पहने
हाथों में तलवार लिये
घोड़े पर सवार
एक नौजवान राजकुमार ने
उसके दिल के दरवाजे पर
प्रेम की दस्तक दी….
सपना साकार हुआ
वह राजकुमार आया
और सात जन्मों तक
साथ निभाने का वादा कर
प्रणय-सूत्र में बांध
दूर कहीं दूर ले गया
एक आशियाने के लिये
शायद कच्चा था वो
शुष्क बालू का
जो वक़्त की कुदृष्टि का
शिकार हो
धराशायी हुआ
और…..
ज़िन्दगी के मायने
बदल गये….!!!






