डॉ. मनोज रस्तोगी
(संस्थापक)
साहित्यिक मुरादाबाद
प्रो. महेन्द्र प्रताप स्मृति सम्मान से डॉ. रामानन्द शर्मा सम्मानित।
जयंती पर साहित्यिक मुरादाबाद ने महाराजा हरिश्चंद्र कॉलेज में किया सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन।
मुरादाबादः मुरादाबाद मंडल के साहित्य के प्रसार एवं संरक्षण को पूर्ण रूप से समर्पित संस्था साहित्यिक मुरादाबाद की ओर से साहित्यकार स्मृतिशेष प्रो महेन्द्र प्रताप की जयंती पर सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें रीति काव्य के संपादन और टीकाकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित साहित्यकार डॉ रामानन्द शर्मा को अंगवस्त्र, मानपत्र, श्रीफल भेंट कर प्रो महेन्द्र प्रताप स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। वंदेभारत संस्था की ओर से धवल दीक्षित और मयंक शर्मा द्वारा उन्हें भारत माता का चित्र भेंट किया गया। उर्दू साहित्य शोध केंद्र और कृष्ण बिहारी नूर साहित्य संस्थान की ओर से भी डॉ रामानन्द शर्मा को सम्मानित किया गया।
लाजपतनगर स्थित महाराजा हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित समारोह का शुभारंभ मनोज व्यास द्वारा पण्डित मदन मोहन व्यास द्वारा रचित मां सरस्वती वंदना की प्रस्तुति से हुआ। साहित्यिक मुरादाबाद के संस्थापक डॉ मनोज रस्तोगी ने स्मृतिशेष प्रो महेन्द्र प्रताप का जीवन परिचय प्रस्तुत करते हुए कहा कि 22 अगस्त 1923 को जन्में महेंद्र प्रताप वर्ष 1948 को यहां केजीके महाविद्यालय में हिंदी विभागाध्यक्ष पद पर नियुक्त होकर आए तो यहां की माटी में पूरी तरह रच बस गए । अपनी विद्वता, सौम्यता, शालीनता, विलक्षण प्रतिभा सम्पन्न बहुआयामी व्यक्तित्व और आभा मंडल से उन्होंने समूचे मुरादाबाद को आलोकित कर दिया। वह हिंदुस्तानी अकादमी प्रयागराज के सचिव भी रहे। उनका देहावसान 20 जनवरी 2005 को हुआ।
सह संयोजक डॉ. मोहम्मद आसिफ हुसैन ने सम्मानित विभूति डॉ. रामानन्द शर्मा का परिचय प्रस्तुत करते हुए कहा 25 जुलाई 1951 को जन्में हिन्दू महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य, सुविख्यात साहित्यकार डॉ. रामानन्द शर्मा की तीस से अधिक कृतियां प्रकाशित हो चुकी हैं तथा चालीस से अधिक शोधार्थी उनके निर्देशन में शोधकार्य पूर्ण कर शोध उपाधि प्राप्त कर चुके हैं। उ.प्र. संस्कृत संस्थान, लखनऊ द्वारा आप कई बार सम्मानित भी हो चुके हैं । डॉ विशेष कुमार शर्मा ने सम्मान पत्र का वाचन किया।
अध्यक्षता करते हुए डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि जहाँ एक ओर उनका व्यक्तित्व बेहद सहज, भव्य और विराट था वहीं उनके गीत प्रेम व सौंदर्य के साथ-साथ दार्शनिकता व आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण हैं।
इस अवसर पर प्रो. महेन्द्र प्रताप के गीतों की सस्वर प्रस्तुति भी की गई। बाल सुंदरी तिवारी ने उनका गीत मैं तुमको अपना न सकूँगा, तुम मुझको अपना लो ,डॉ प्रियंका गुप्ता ने कितने दृग पंथ रहे निहार ,स्वागत है अभ्यागत उदार ,मनोज मनु ने आज मेरा कण्ठ फूटा, रागिनी तुमने उठाई और प्रीति अग्रवाल ने दे रहे तुमको विदाई आज आकुल चेतना है व्यथा की बाढ आई गीतों का सस्वर गायन किया ।
एम एच कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ विशेष गुप्ता ने कहा कि प्रो. महेन्द्र प्रताप की हिन्दी भाषा, व्याकरण एवं अवधारणाओं की सैद्धान्तिक व्याख्या के विशेषज्ञ के रुप में स्पष्ट पहचान रही है। केजीके कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील चौधरी ने कहा वह बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। रामावतार रस्तोगी शरणागत ने गुरु वन्दना, डॉ. राकेश चक्र और काले सिंह साल्टा ने प्रो. महेंन्द्र प्रताप के व्यक्तित्व पर केंद्रित गीत प्रस्तुत किये। डॉ. कृष्ण कुमार नाज ने कहा प्रो. महेन्द्र प्रताप ऐसे वृक्ष थे जिनकी शीतल छांव में बैठकर मुझ ऐसे बहुत से रचनाकार अपनी अगली मंजिलों के निशान तलाशते थे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से वन्दना श्रीवास्तव (आगरा ), डॉ. आरती श्रीवास्तव (लखनऊ), विनायक मणि (लखनऊ), ओंकार सिंह ओंकार, डॉ. प्रदीप शर्मा, डॉ. नीरू कपूर, डॉ. संजय जोहरी, डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर आलेखों का वाचन किया। अशोक विश्नोई ने आगरा के साहित्यकार ए टी जाकिर, श्री कृष्ण शुक्ल ने दिल्ली के साहित्यकार आमोद कुमार, राजीव प्रखर ने योगेन्द्र वर्मा व्योम, प्रत्यक्ष देव त्यागी ने स्मृतिशेष डॉ. मक्खन मुरादाबादी, मनोज व्यास ने स्मृति शेष माहेश्वर तिवारी के आलेखों का वाचन किया।
इस अवसर पर डॉ मोहित कुमार, कृति श्रीधर , मुकुंद मणि ध्रुव मणि, संदीप सिन्हा , कल्पना सिन्हा, डॉ. नरेन्द्र सिंह, उमाकांत गुप्ता, के डी शर्मा, शिखा रस्तोगी, असद मोलाई, अजय शाह, नीरू शाह , मयंक शर्मा, जिया जमीर, फरहत अली, नकुल त्यागी, वीरेंद्र सिंह बृजवासी, आदर्श भटनागर, धन सिंह धनेंद्र , अनुराग रोहिला, डॉ अखिलेश , सीमा शर्मा, पूनम श्रीवास्तव, अचल दीक्षित, पुनीत रस्तोगी, शशि रस्तोगी आदि उपस्थित रहे । आभार संयोजक सुप्रीत गोपाल ने व्यक्त किया।







