ब्यूरो ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग): लक्ष्मण सिंह नेगी।

ऊखीमठः केदार घाटी सहित विभिन्न इलाको में हुई मूसलाधार बारिश के कारण रूद्रप्रयाग – गौरीकुंड नेशनल हाईवे पर बांसवाडा व काकडागाड में भारी मलवा आने से हाईवे पर नौ घन्टे यातायात बाधित रहा। पुलिस प्रशासन व नेशनल हाईवे के अधिकारियों के अथक प्रयासों से रविवार दोपहर तीन बजे बाद यातायात सुचारू हो पाया । इस दौरान राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत सहित जिला स्तरीय अधिकारी व सैकड़ों तीर्थ यात्री नेशनल हाईवे के दोनो तरफ घन्टों जाम में फसे रहे। नेशनल हाइवे पर बांसवाडा में ऊपरी पहाड़ी से लगातार मलवा आने से नासूर बनता जा रहा है। वही कालीमठ घाटी के चिलौण्ड गांव में भारी मलवा आने के कारण एक गौशाला क्षतिग्रस्त होने के साथ गौशाला के अन्दर 5/6 मवेशियों के दबने की सूचना है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात को केदारनाथ घाटी सहित विभिन्न इलाकों में मूसलाधार बारिश होने के कारण रूद्रप्रयाग – गौरीकुंड नेशनल हाईवे पर बांसवाडा व काकडागाड मेें भारी मलवा आने से रविवार सुबह से ही यातायात बाधित हो गया था। दोनो स्थानो पर यातायात बाधित होने से नेशनल हाइवे के दोनो तरफ कई दर्जनो वाहनो व सैकड़ों राहगीर फसे रहे। राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत व भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार आपदा प्रभावित क्षेत्र छेनागाड, बसुकेदार का दौरा करने के लिए जिला मुख्यालय से रवाना हुए मगर बांसवाडा में यातायात अवरूद्ध होने के बाद उन्हेें घन्टो इन्तजार करने के बाद वैरंग लौटना पड़ा। थानाध्यक्ष ऊखीमठ मुकेश चौहान ने बताया कि काकडागाड में भारी मलवा आने से यातायात अवरूद्ध हो गया था मगर पुलिस प्रशासन व नेशनल हाईवे के अथक प्रयासों से काकडागाड में दोपहर दो बजे यातायात बहाल हो सका। थानाध्यक्ष अगस्तमुनि महेश रावत ने बताया कि बांसवाडा में दोपहर तीन बजे बाद यातायात सुचारू हो पाया है तथा ऊपरी चट्टान से बोल्डर व मलवा आने का खतरा हर समय बना हुआ है। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य कालीमठ विनोद राणा ने बताया की चिलौण्ड गांव में भूस्खलन के कारण एक गौशाला पूर्णतया क्षतिग्रस्त हो गयी है तथा प्रशासन व ग्रामीणों के सहयोग से गौशाला के अन्दर फंसे मवेशियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किये जा रहे है। उन्होंने बताया कि भूस्खलन के कारण एक मकान खतरे की जद में आ गया है तथा काश्तकारों की फसलों व खेतों को नुकसान पहुंचने की सूचना है।







