ब्यूरो ऊखीमठः लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः कालीमठ घाटी के शीर्ष पर विराजमान व पंचगाई ग्रामीणों की अराध्य भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए सिद्धपीठ कालीमठ पहुंच गयी है । 15 वर्षो बाद भगवती काली व भगवती चामुण्डा के ऐतिहासिक मिलन के क्षणों के हजारो श्रद्धालु साक्षी बने। भगवती चामुण्डा की दिवारा सोमवार से केदार घाटी में पर्दापण करेगी तथा विभिन्न गावो व तीर्थ स्थलो का भ्रमण कर केदारनाथ पहुंच कर तीर्थ भ्रमण करेगी । दिवारा यात्रा समिति द्वारा दिवारा यात्रा के केदार घाटी रात्रि प्रवास की तिथिया निर्धारित कर दी गयी है । 15 वर्षो बाद भगवती चामुण्डा के दिवारा यात्रा का आयोजन होने से कालीमठ घाटी के हर गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा ग्रामीण श्रद्धा भाव से भगवती चामुण्डा की पूजा – अर्चना कर मनौती मांग कर विश्व कल्याण व क्षेत्र के खुशहाली की कामना कर रहे है। रविवार को ब्रह्म बेला पर विद्वान आचार्य अमित देवशाली, राजेन्द्र प्रसाद देवशाली, राहुल देवशाली, हिमांशु भट्ट, पुरूषोत्तम भट्ट और ओम प्रकाश भट्ट ने खोन्नू गांव मेें पंचाग पूजन के तहत विधि – विधान से अनेक पूजायें समपन्न कर भगवती चामुण्डा, जाखराजा सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आवाहन कर आरती उतारी तथा ठीक 11 बजे भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा सिद्धपीठ कालीमठ के लिए रवाना हुई। भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा के सिद्धपीठ कालीमठ के लिए रवाना होने पर ब्राह्मणों ने वेद ऋचाओं, महिलाओं ने मांगलिक गीतों, भक्तों ने जय माता के उदघोषों, स्थानीय वाद्य यंत्रों की मधुर धुनो से दिवारा यात्रा की अगुवाई की। भगवती चामुण्डा देवी ने अनेक देवी – देवताओं के निशाणों के साथ नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न हिल स्टेशनो का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया तथा ग्रामीण ने भगवती चामुण्डा को अनेक प्रकार की पूजा सामाग्रियों से अर्घ्य व लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर मनौती मांगी। देर सांय दिवारा यात्रा के सिद्धपीठ कालीमठ पहुंचने पर ग्रामीणो ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सत्कारी, संरक्षक कृपाल सिंह राणा, त्रिलोक सिंह रावत, सलाहकार रामचन्द्र सिंह राणा, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तिन्दोरी, सचिव तीरथ सिंह राणा, कोषाध्यक्ष योगम्बर सिंह रावत, मुलायम सिंह तिन्दोरी, दिनेश सत्कारी, मोहन सिंह राणा, प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित, प्रधान कालीमठ प्रदीप राणा, मठापति अब्बल सिंह राणा, दिनेश प्रसाद गौड, सहित खोन्नू, कोटमा, कविल्ठा व कालीमठ गांवो के जनप्रतिनिधि, मन्दिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी व सैकड़ों
श्रद्धालु मौजूद थे।







