ब्यूरो फिरोजपुरः राजीव कुमार।
फिरोजपुरः सीमा सुरक्षा बल (BSF) अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी सीमा प्रबंधन का प्रभावी निर्वहन करते हुए, सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



बीएसएफ, अपनी इंटेलिजेंस विंग के साथ घनिष्ठ समन्वय में कार्य करते हुए, भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन के माध्यम से की जा रही नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सतत प्रयासरत है।
विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर, बीएसएफ ने ड्रोन के माध्यम से की जाने वाली तस्करी के प्रयासों को रोकते हुए 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2025 की अवधि के दौरान फिरोज़पुर सीमा क्षेत्र से 1.523 किलोग्राम हेरोइन, 01 पाकिस्तानी ड्रोन, 02 देशी निर्मित पिस्तौलें, 01 मैगज़ीन तथा 02 कारतूस बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, 06 भारतीय तस्करों को भी सीमा पार तस्करी में संलिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
नशीले पदार्थों और हथियारों की यह बरामदगी तथा तस्करों की गिरफ्तारी, सीमा पर तैनात बीएसएफ कर्मियों की सतर्कता, दक्षता और परिचालन क्षमता को प्रदर्शित करती है। इन सफल अभियानों से यह पुनः सिद्ध होता है कि बीएसएफ देश की सीमाओं की सुरक्षा और सीमा पार अपराधों, विशेष रूप से ड्रोन के माध्यम से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए दृढ़ संकल्पित है।







