ऋषिकेशः टिहरी जिले में गूलर-मोटर मार्ग पर बुधवार रात बरातियों की स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हो गए। सभी युवक ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश के गुमानीवाला से एक बरात टिहरी जिले के नरेंद्रनगर ब्लाक में दोगी पट्टी स्थित नाई गांव के लिए रवाना हुई थी। बरात में शामिल विमल कंडियाल (31), राहुल कलूड़ा (23), आशीष कलूड़ा (26), तनुज पुंडीर (26) व निखिल रमोला (21) स्कॉर्पियो से नाई गांव जा रहे थे। रात करीब आठ बजे गूलर से 18 किमी पहले कुंडिया गांव के समीप उनका वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।








