ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी आज पहुंचे जागेश्वर धाम, पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।
जागेश्वर (अल्मोड़ा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जागेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने 76.78 करोड़ रुपए की 06 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जागेश्वर धाम में मास्टर प्लान की समीक्षा की और समय-सीमा के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम हमारी आस्था और विश्वास का प्रतीक है, इसे भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जाएगा।
लोकार्पण की गई योजनाओं में आरा-सल्पड़ मोटर मार्ग का सुधारीकरण, चायखान से थुआसिमल मोटर मार्ग का सुधारीकरण तथा सत्यों में 33/11केवी उप संस्थान का निर्माण शामिल है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने राजकीय पॉलीटेक्निक सल्ट एवं दन्या में आवासीय भवनों के निर्माण कार्य तथा राजकीय पॉलीटेक्निक द्वाराहाट में मैकेनिकल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री धामी ने जागेश्वर धाम परिसर का पैदल भ्रमण किया और धाम के मास्टर प्लान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा के भीतर किए जाएं। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम हमारी आस्था और विश्वास का केन्द्र है,इसे दिव्य और भव्य रूप प्रदान करने के लिए सभी संबंधित विभाग सम्पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रृद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम की बुनियादी अवसंरचना को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करत हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सरकार का उद्देश्य जागेश्वर धाम न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी वैश्विक स्तर पहचान प्राप्त करे।धाम का समग्र विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर भी लेकर आएगा।
इस अवसर पर वहां जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक देवेन्द्र पींचा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, तहसीलदार बरखा जलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, नगर निगम मेयर अजय वर्मा, रमेश बहुगुणा, रवि रौतेला, रमेश खोलिया, दर्शन रावत, नवीन बिष्ट सहित तमाम लोग मौजूद थे।








