ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
ताड़ीखेत में प्रधानों ने ली शपथ, जनता में जगी विकास की उम्मीद।
रानीखेत (अल्मोड़ा): ताड़ीखेत विकासखण्ड की पंचायतों में हुए उपचुनाव के बाद शुरू हई शपथ ग्रहण प्रक्रिया से स्थानीय लोगों में विकास की उम्मीद जगी है। ताड़ीखेत विकासखण्ड की कुल 130 ग्राम सभाओं में से 111 प्रधानों ने अबतक शपथ ग्रहण कर ली है, शेष ग्राम सभाओं में वार्ड सदस्यों का कोरम पूरा न हो पाने के कारण प्रक्रिया अभी लंबित है।
लंबे समय से प्रशासनिक कारणों से अटके विकास कार्यों के दुबारा पटरी पर आने की उम्मीद से ग्रामीणों में उत्साह दिखाई दे रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि इन शेष ग्राम सभाओं में भी जल्द ही शपथ ग्रहण प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। नवनियुक्त प्रतिनिधियों ने गांवों में प्राथमिकता वाले कार्यों की सूची तैयार करना शुरू कर दी है। कई पंचायतों में विकास कार्यों से संबंधित बैठकों का दौर शुरू हो गया है, जहां ग्रामीणों से सीधे सुझाव भी लिए जा रहे हैं।
पंचायतें शीघ्र ही बजट, योजनाओं और अधूरे कार्यों की समीक्षा कर सही दिशा तय करेंगी। बुनियादी सुविधाओं के साथ साथ सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों में तेजी लाने की कोशिश शुरू हो गई हैं।







