सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय)
ऊखीमठः केदार घाटी में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली।
केदार घाटी में बादलों के छाने तथा सर्द हवाओं के चलने से तापमान में भारी गिरावट महसूस होने लगी है। केदार घाटी के सीमान्त क्षेत्रो में शीतलहर चलने से जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है। आने वाले कुछ घन्टो मे यदि मौसम विभाग की भविष्यवाणी सच साबित हुई तो केदार घाटी के हिमालयी क्षेत्रो मे बर्फबारी व निचले भूभाग मे बारिश हो सकती है। केदार घाटी में यदि मौसम के अनुकूल बर्फबारी व बारिश होती है तो प्रकृति में नव ऊर्जा का संचार होने के साथ काश्तकारो के फसलों की उपज में वृद्धि हो सकती है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को केदार घाटी के अधिकांश इलाको में मौसम के करवट लेने तथा सर्द हवाओ के चलने से सम्पूर्ण केदार घाटी शीतलहर की चपेट में आ गयी है जिससे जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है तथा ग्रामीण घरो में कैद रहने को विवश हो गये है। केदार घाटी के सीमान्त क्षेत्रों के तापमान में अत्यधिक गिरावट महसूस होने लगी है। आने वाले समय में यदि मौसम का मिजाज इसी प्रकार रहा तो हिमालयी भूभाग सहित केदारनाथ, मदमहेश्वर, तुंगनाथ, वासुकीताल, पवालीकांठा, मनणामाई तीर्थ, पाण्डव सेरा, नन्दीकुण्ड, विसुणीताल, देवरियाताल, चोपता व कार्तिक स्वामी में बर्फबारी का आगाज हो सकता है। प्रधान संगठन महामंत्री मदन भट्ट ने बताया कि मदमहेश्वर घाटी के तापमान में भारी गिरावट महसूस होने से जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है। प्रधान रासी सोनिया पंवार ने बताया की सीमान्त क्षेत्रो में सुबह- शाम सर्द हवाओं के चलने से ग्रामीण घरों में कैद होने लगे है। पूर्व प्रधान पाली सरूणा प्रेमलता पन्त ने बताया कि यदि मौसम के अनुकूल बर्फबारी व बारिश होती है तो प्रकृति में नव ऊर्जा का संचार होने के साथ काश्तकारों की फसलों के लिए बारिश वरदान साबित हो सकती है। तुंगनाथ घाटी दैडा के पूर्व प्रधान योगेन्द्र नेगी ने बताया कि दिसम्बर माह के तीसरे सप्ताह में भी तुंगनाथ घाटी में मौसम के अनुकूल बर्फबारी न होने से तुंगनाथ घाटी का तीर्थाटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है यदि मौसम के अनुकूल बर्फबारी होती है तो तुंगनाथ घाटी के पर्यटन व्यवसाय मे भारी इजाफा हो सकता है।








