अदिती कुशवाहा
बैकुंठपुर (कोरिया), छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, देहरादून)
“मेरी पहचान — मेरे पापा”
पिता वह छाया हैं,
जो धूप में भी ठंडक दे जाएँ,
ख़ामोशी में भी
हौसलों की आवाज़ भर जाएँ।
अपने सपनों को पीछे रखकर,
हमारे सपनों को पंख देते हैं,
खुद थककर भी
चेहरे पर मुस्कान रखते हैं।
उनके पसीने की हर बूँद में
छुपी होती हैं हज़ारों दुआएँ,
कभी सख़्त, कभी ममतामयी,
दिल में बसती हैं अनकही चाहें।
जब हम गिरते हैं तो थाम लेते हैं,
राह भटकें तो दिशा दिखाते हैं,
कभी कहते नहीं—“मैं हूँ साथ तेरे”,
फिर भी हर क़दम पर साथ निभाते हैं।
हे पिता!
आपकी मेहनत को मेरा प्रणाम,
आपसे ही मेरा अस्तित्व,
आपसे ही मेरी पहचान।
आप हों तो दुनिया आसान लगती है,
आप ही मेरा गर्व, आप ही मेरा मान,
आप ही मेरा संसार,
आप ही मेरी जान।







