सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री, लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख
“हस्त कर्म में लीन हों, चित्त स्थिर रहे; क्योंकि शांति का स्रोत बाहर नहीं, अंतर्मन में है” — सुश्री सरोज कंसारी।
—————————————
हाथ कर्म में जुटे रहें, मन अडिग और शांत रहे, खोजिए मत शांति बाहर, वह तो आप ही के भीतर है। देखें और हर पल से कुछ न कुछ नित सीखते रहें। अपने आस-पास से लोग कैसे रहते हैं, आगे बढ़ते हैं। दिलों में राज करते हैं, कैसे संभलते हैं, समय का नियोजन कैसे करते हैं? पसंद के अनुसार हर कार्य कीजिए। पहले से नकारात्मक मत सोचिए! कोशिश किए बिना ही हार की कल्पना मत कीजिए। मन में छल-कपट, ईर्ष्या, जलन, क्रोध, तुलना का कूड़ा मत रखिए। प्रेम, दया, क्षमा, सहानुभूति, सहयोग, सामंजस्य और शुद्धता रखिए। बस रोते-सिसकते, शिकायत करते रहने से किसी भी दर्द से निकल नहीं पाएंगे… खुद को हिम्मत दीजिए क्योंकि किसी न किसी मोड़ पर जिंदगी हमें रुलाती है, कभी भटक जाते हैं, लोग मजाक बनाते हैं, फायदा उठाते हैं मजबूरी का, नीचा दिखाने का भी प्रयास करेंगे। कोई अपने धोखा देंगे, षड्यंत्र भी करेंगे… करेंगे मीठी बातों से फसाएंगे और आपको आगे बढ़ने से रोकने का भी प्रयास करेंगे, ज़िम्मेदारी निभाकर, सही कार्य करके भी कभी गलत साबित हो जाएंगे। कुछ भी हो सकता है, हंसती-खेलती जिंदगी को गमगीन बनाने के कई कारण मिलेंगे। लेकिन मन में बस उम्मीद बनाकर रखेंगे और किसी की बात से विचलित नहीं होंगे, तो निश्चित ही इस सांसारिक जीवन के हर कठिन पल को आसानी से पार कर लेंगे। अपने मन को उपजाऊ, अच्छी सोच देकर, सभी के लिए सर्वे भवन्तु सुखिन: की कामना करके, सक्रिय रहकर बना सकते हैं। उसे खुश रखिए, मुरझाने मत दीजिए। गलत लोगों की संगत और उम्मीदों से, औरों के पीछे भागने से ही दुख मिलते हैं। छोटी सोच को पनपने मत दीजिए अपने इस मन के भीतर। जीवन के इस सफर में खुद में भरपूर ऊर्जा भरकर चलिए। बहुत कुछ करना पड़ता है, इसे व्यवस्थित रखने के लिए। जो सही है वहीं कीजिए, उसी दिशा में चलिए, सभी को साथ लेकर चलें। जीवन आसान नहीं है, उसे सरल करने के लिए बस सीधे-साधे, भोले-भाले मत बने रहिए। जहां गलत लोग अपनी चालाकी से अपनी हद पार करें, उन्हें सबक सिखाने की हिम्मत भी रखिए। आंखों में सिर्फ किसी के लिए इंतजार नहीं, अंगार भी रखिए। मन में बदले का भाव ही नहीं, हौसले का तूफान रखिए। जुबान में मिठास ज़रूरी है, लेकिन किसी के दुर्व्यवहार का जवाब देने के लिए हिम्मत का हथियार, ओजस्वी अभिव्यक्ति की क्षमता रखिए। दिल में बेपनाह प्यार तो रखिए, लेकिन नफरत को भड़काने वालों को एक पल में निकाल देने की सामर्थ्य भी रखिए। मन को बहकने से रोकिए। रूठ जाएं तो मनाने की भी कला सीखिए। अनियंत्रित मन से हो न जाएं, हादसे बस इसे सही दिशा दीजिए। मन को हमेशा जागरूक रखिए, बेहोश मत रहिए! क्या करना है, नहीं नहीं करना? इसका सही फैसला करने के लिए मन को हमेशा साफ रखिए। मन को भयभीत मत कीजिए, हमेशा निडर रहिए। संकोच मत कीजिए, अपने विचार को स्पष्ट रखिए। दिल और दिमाग़ के द्वंद में मत उलझे रहिए, सुलझाइए हर उलझन शांत मन से। मन को थकान से भर देने वाले कई कारण होते हैं, जैसे लगातार काम करते रहना, व्यस्त जीवन से आराम के पल न निकाल पाना, ज़िम्मेदारी का अधिक बोझ, अपनों का साथ न मिलना, आर्थिक अभाव, अधूरी ख्वाहिश, मन पसंद काम न मिलना, गृह-कलह, कोई गंभीर बीमारी से ग्रसित होना, अपनों का बिछड़ जाना, कोई शौक पूरी न होना, रोटी कपड़ा मकान और अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए लगातार संघर्ष, सच्चे मित्र का अभाव। इस सबसे मन में थकान होती है। अपनी जीवन शैली का मूल्यांकन करते रहिए। क्या सुधार करना है, कहाँ पाना है, और कहां जाना है, इस पर विचार करें। अगर ज़िन्दगी के प्रत्येक क्षण का आनंद लेना है, तो अपने मन को थकने न दें। आँखों में नमी, चेहरे पर उदासी और हृदय में गम का बोझ लेकर सुख, समृद्धि और विकास की कल्पना करना असंभव है। जीवन की सुंदरता पर विश्वास करें और समय व्यर्थ किए बिना अपनी आकांक्षाओं को पूर्ण करने का भरपूर प्रयास करें। अपनी रुचि के अनुसार जीवनशैली निर्मित करने हेतु सर्वप्रथम अपने मानसिक मनोबल को सुदृढ़ करें। स्वयं को कदापि निर्बल न समझें। यह सत्य है कि सब कुछ पा लेना कठिन है, परंतु हर लम्हे को आनंदित होकर जीने में ही जीवन की वास्तविक सार्थकता है। कल की फिक्र छोड़कर आज को परेशान न करें। गम की भीड़ से बाहर निकलें और अपना रास्ता खुद बनाएँ। खुशियाँ सिर्फ चीजों को पाने में नहीं होतीं; सुकून का एक पल भी जीने की नई वजह दे देता है। बुरी सोच और पुराने हादसों को अनदेखा करें। एक नई ताजगी और जोश के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। ज़्यादा देर न कीजिये, हर छोटी खुशी का आनंद लें और किसी पर निर्भर न रहें। अपने इस अनमोल जीवन को यादगार बनाएँ, हमेशा मुस्कुराएँ और ईश्वर को धन्यवाद दें। आगे क्या करना है, यह फैसला आपका है, क्योंकि जैसे आपके कर्म होंगे, वैसा ही आपको फल मिलेगा। “जीवन का प्रत्येक चरण चुनौतियों से भरा होता है; इनसे पलायन करने के बजाय इनका साहसपूर्वक सामना करें। शरीर से आप चाहे कितना भी श्रम करें और विश्राम को महत्त्व दें, किंतु अपने मन को कभी थकने न दें। एक नई सोच, उमंग और उत्साह से परिपूर्ण मन ही जीवन को वास्तविक गति प्रदान करता है।
जिस दिन हम संसार की विसंगतियों और लोगों के व्यवहार से क्षुब्ध होकर निराश हो जाते हैं, उसी क्षण खुशियाँ हमसे मुख मोड़ लेती हैं। जीवन में समय और परिस्थितियों के अनुरूप सुख-दुख, सफलता-असफलता, लाभ-हानि और अनहोनी जैसी घटनाएँ घटित होती ही रहती हैं। किंतु, जो हर परिस्थिति में अपनी मानसिक स्थिति को संतुलित रखते हैं, वास्तव में शांति उन्हीं को प्राप्त होती है। लोक-लाज या लोगों की बातों की चिंता न करें, बस यह स्मरण रखें कि अनैतिक मार्ग पर चलकर कभी जीवन सुखद नहीं हो सकता। किसी भी बात से मन को कुंठित न होने दें और न ही हीन भावना पालें; बस अपने श्रेष्ठ कर्मों से स्वयं को निखारते रहें। लोभ, लालच और स्वार्थपूर्ण जीवन से कभी आत्मिक संतोष नहीं मिल सकता। अतः केवल इस तन को ही नहीं, बल्कि अपने जीवन के हर पल को सुंदर बनाएँ और स्वयं के प्रेरणास्रोत बनें। जो बातें जीवन के लिए अनावश्यक हैं, जिनके सोचने या करने से मानसिक शांति भंग होती है, उन्हें तत्काल त्याग दें। यदि कहीं कोई कमी अनुभव हो, तो उसे सुधारने का प्रयास करें। प्रतिदिन कुछ ऐसे कार्य अवश्य करें जो हृदय को आनंद दें। अपनी पसंद के अनुसार जीवनशैली जीने से अतिरिक्त ऊर्जा प्राप्त होती है। जीवन के जितने भी दिन और अवसर मिले हैं, उन्हें अच्छे कार्यों में व्यतीत करें; यह निरंतर प्रयास करते रहें। मृत्यु का भय मन में न पालें। एक दिन जाना तो है ही, उससे पहले जीवन को भरपूर जी लें। किसी भी विषय पर अधिक गंभीर या मायूस न हों; जो कार्य मन को शांति दें, उन्हें अवश्य करें। दिनभर की व्यस्त दिनचर्या के बीच मन के थक जाने से जीवन की सभी इच्छाएँ समाप्त होने लगती हैं। अतः, परस्पर सहयोग करें। पुरानी कड़वाहटों को भुलाकर मिल-जुलकर रहें और अपने प्रियजनों से जुड़े रहें। खुले वातावरण में भ्रमण करें और मित्र, पड़ोसी व रिश्तेदारों से आत्मीय संवाद स्थापित करें। परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी ईमानदारी बनाए रखें। मन ही सुख और दुख दोनों का आधार है, इसलिए इसे हमेशा व्यवस्थित और शांत रखें।
नारी शक्ति एवं अस्मिता की सशक्त प्रतीक







