राजेश पाठक
गिरिडीह, झारखण्ड
(नया अध्याय, देहरादून)
नववर्ष !
जब तक भरे न पन्नें कोरे
तब तक यह नववर्ष अधूरे!
गोदामों पर हैं रखवाले
बड़े-बड़े लटके हैं ताले
इनको जब तक ना कोई तोड़े
तब तक यह नववर्ष अधूरे!
गुल्लक में धन जमा किया है
मगर फोड़ना मना किया है
इसको जब तक ना कोई फोड़े
तब तक यह नववर्ष अधूरे!
धमनी में तो एक रक्त है
जाति-धर्म में सब विभक्त है
इनको जब तक ना कोई जोड़े
तब तक यह नववर्ष अधूरे!







