राजकुमार कुम्भज, जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
________________________
सर्दियाॅं पास हैं,तो वसंत भी दूर नहीं.
________________________
अभी ठिठुर रहे हैं शब्द
अपने भीतर अपने ताप के लिए
तंबू तने हैं घने-सूने जँगलों में
पीने के पानी की कमी है चहूँ-ओर
सरकारें सेंक रही हैं मुर्गे और
भेड़ें और तीतर वग़ैरह
बकरियाॅं मिमिया रही हैं समर्थन में
चूहे लिख रहे हैं प्रशस्तियाॅं और प्रार्थना-पत्र
खेतों में लहलहा रहा है
अकाल जैसा ही कुछ-कुछ
नालियों में विचार और व्यवहारिकताऍं
सभी दुबके हैं अभी ओढ़कर कंबल
जाग रही हैं, झाँक रही हैं बहते जल में
झिलमिल-झिलमिल
गिलहरियाॅं, तितलियाँ और चींटियाँ
शेरों को, मगरमच्छों को, हो रहा है अजीर्ण
सर्दियाँ पास हैं, तो वसंत भी दूर नहीं
साँसत में हैं प्राण प्रायः
_____________________
सर्दियाॅं पास हैं, तो वसंत भी दूर नहीं.
_____________________
बुझी हुई कंदील लिए हाथों में
अंधे,अंधों को,अंधेरे में दिखा रहे हैं रास्ता
और बम-बम बमबारी करते हुए
चिल्ल-पों मचाते हुए इधर-उधर की
बता रहे हैं कि इधर, इधर ही है मुक्ति-मार्ग
सर्दियाॅं पास हैं, तो वसंत भी दूर नहीं
अच्छे दिनों का स्वादिष्ट है अचार
और बेहद चटपटा भी कुछ कम नहीं
कारागृह जाने से बचाता है बख़ूबी
कपड़े बदलना भी सिखाता है
जो सीख गये कुशल कारीगर कहलाये
और जो सीख नहीं पाये ये महान कला
पीछे-पीछे आये,आते गये पैदल
आहिस्ता-आहिस्ता.
________________________







