सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख:
“जितनी चाबी भरी राम ने, उतना चले खिलौना: जीवन का एक दर्शन!” – सुश्री सरोज कंसारी
—————————————
अपना श्रेष्ठतम कर्म निभा निभाओ, परन्तु परिणामों और उपलब्धियों का बोझ अपने सिर पर मत रखिए। सब कुछ ईश्वर का है…बचपन: जीवन का शाश्वत स्वर्णकाल – बचपन जीवन का वह सबसे खूबसूरत और पावन पड़ाव है, जहाँ मासूमियत, उत्सुकता, और निस्वार्थ प्रेम का वास होता है। यह वह समय है जब हृदय पर संसार की कड़वाहट की कोई परत नहीं होती। आज मनुष्य संसार की समस्त सुख-सुविधाएँ और अकूत दौलत पाकर भी उस बचपन वाली सहज मुस्कान को पुनः नहीं खरीद सकता। बचपन में हर छोटी वस्तु को पाने की एक मीठी जिद होती है; नए संसार को अपनी आँखों में समेटने की उत्सुकता होती है और हर चमकती चीज़ को छू लेने की चाह। उस दौर में न स्वार्थ की कोई ज़मीन होती है और न ही नफरत का कोई आसमान। बच्चा छल-कपट, बैर, ईर्ष्या और द्वेष जैसी दूषित मानसिकता से कोसों दूर रहता है। उसके मन के दर्पण पर भेदभाव की कोई लकीर नहीं होती। वहाँ यदि कुछ होता है, तो बस कुछ क्षणों की ‘कट्टी’ और फिर अटूट ‘मिठास’। बच्चा भले ही सांसारिक जटिलताओं को न समझे, किंतु वह प्रेम की भाषा को आत्मा से अनुभव करता है। जहाँ उसे स्नेह और अपनापन मिलता है, वह वहीं ठहर जाता है, और जहाँ क्रोध या नफरत का स्पर्श होता है, वहाँ उसकी सिसकियाँ गूँज उठती हैं। उसके लिए तो चंद खिलौने ही संपूर्ण ब्रह्मांड होते हैं। परिवर्तन और खोती मासूमियत…जैसे ही हम बचपन की दहलीज पार कर युवावस्था में कदम रखते हैं, सबसे पहले हमसे हमारी मासूमियत छीनी जाती है। वह चंचल मन, जो कभी तितलियों के पीछे भागता था, अब जिम्मेदारियों के बोझ तले गंभीर होने लगता है। अब खुशियों का अर्थ बदल जाता है—पद, प्रतिष्ठा, करियर और धन-दौलत ही जीवन का पर्याय बन जाते हैं। विडंबना यह है कि जिस खुशी की तलाश में हम जीवन-भर मृगतृष्णा की भाँति दौड़ते रहते हैं, वह अंततः कहीं प्राप्त नहीं होती, क्योंकि असली सुख तो उस ‘बेफिक्री’ में था जिसे हम पीछे छोड़ आए। नियति और जीवन का सत्य जीवन में सुख और दुख का चक्र निरंतर चलता रहता है। ईश्वर ने इस सृष्टि की रचना अत्यंत सूक्ष्म नियोजन के साथ की है। कब, क्या, कैसे और क्यों घटित होना है, यह सब विधाता द्वारा पूर्व निर्धारित है। हमारी साँसों की डोर उस परमेश्वर के हाथ में है; न एक दिन कम, न एक दिन ज्यादा। अतः मृत्यु के भय में जीने के बजाय, हमें जीवन के हर क्षण का आनंद लेना चाहिए। ये ज़िन्दगी की राह में, प्रत्येक मोड़ पर एक नई चुनौती और नया अनुभव मिलता है। कभी परिस्थितियाँ हमें हँसते-हँसते रुला देती हैं, तो कभी घोर निराशा के बीच भी मुस्कुराहट की किरण फूट पड़ती है। समय और परिवेश के अनुसार खुद को ढाल लेना ही प्रकृति का नियम और हमारी नियति है।
निष्कर्ष :
जीवन की डोर ईश्वर के हाथ में है; मनुष्य केवल एक माध्यम है। हमें चाहिए कि हम अपने भीतर के उस ‘बच्चे’ को कभी मरने न दें। मन में वह मासूमियत और प्रेम जीवित रखें। हमेशा याद रखिए, जीना सिर्फ़ साँस लेना नहीं होता, बल्कि हर पल को पूरी जीवंतता के साथ महसूस करना है।
—————————————







