डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
गीत (मानवता)
जब तक जीवन है दुनिया में,
मानवता का कर्म करो।
मदद करो जो धन विहीन हैं,
इसमें कभी न शर्म करो।।
वही सफल है मानव-जीवन,
जिसमें सेवा-भाव रहे।
करुणा से हो भरा हृदय भी,
सरिता दया बहाव रहे।
बिना रुकावट भेद-भाव के,
सेवा को निज धर्म करो।।
मानवता का कर्म करो।।
भूखे को रोटी मिल जाए,
प्यासे को ठंडा पानी।
वस्त्रहीन को वस्त्र प्राप्त हो,
रहे न कोई अभिमानी।
इसको कहते मानवता है,
कठिन काल को नर्म करो।।
मानवता का कर्म करो।।
हँसी-खुशी से जीवन बीते,
प्रेमभाव-सद्भाव बढ़े।
‘अपन’-‘पराया’ सोच न उपजे,
नित उन्नति-आयाम गढ़े।
इसी भाव को क़ायम करके,
कर्म-धर्म को गर्म करो।।
मानवता का कर्म करो।।
मानव-जीवन मिला भाग्य से,
यही द्वार है तरने का।
कर लो सेवा जितनी चाहो,
सिंधु पार है करने का।
अभी समय है जागो प्यारे,
मिलकर अब सद्धर्म करो।।
मानवता का कर्म करो।।







