सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा/राजिम,
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
लेख :
“यथार्थ का सामना करके, अपने मन को सकारात्मक, जीवंत रखकर, हम हर बाधा को पार कर सकेंगे व जीवन को उसके पूरे रंग में जी सकेंगे।”
—सुश्री सरोज कंसारी
______________________________________
यह जीवन, एक अनंत-असीम यात्रा है, जहाँ हर क्षण एक नव शुरुआत का द्वार खोलता है। अपने मन को सकारात्मक और जीवंत रखकर, हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं और अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। यह यात्रा हमें आत्म-विकास और आत्म-ज्ञान की ओर ले जाती है, जहाँ हर अनुभव हमें मजबूत और बुद्धिमान बनाता है। अपने भीतर की शक्ति को पहचानें और जीवन की हर पल को एक नए अवसर के रूप में देखें।
मन हर पल एक नई उड़ान भरने के लिए उत्साहित होता है। अनंत कल्पनाओं को लेकर हम सफर करते हैं। इस सांसारिक जीवन के प्रति कई तरह की मानसिकताएं समय-समय पर बनती हैं। कभी लगता है, जीवन की हर खुशी को अपने दामन में समेट लें, गम का कोई अंधेरा न हो। पर, वास्तविकता कुछ और होती है। मन में बहुत से सपने पालकर रखते हैं।…पर, जीवन के प्रवाह में कई रुकावटें भी आती हैं।
जैसे-जैसे जीवन में हम आगे बढ़ते हैं, मन की स्थिति बदलती जाती है। एक ही सोच को लेकर हम जीवन निर्वहन नहीं कर सकते! जीवन में होने वाली हर एक क्रिया-विधि का प्रभाव हम पर पड़ता है। हम जो सुनते, देखते, महसूस करते हैं, हर एक घटना, दुर्घटना, व्यवहार मन में संग्रहित होते हैं।
कभी हर क्रिया का तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं, कभी किसी बात को गहराई से लेते हैं और अंतर्मन में रख लेते हैं। मन के अनुकूल हर कार्य होने से जीवन के प्रति सकारात्मक विचार होते हैं। हर पल एक नई समस्या आती है। संघर्षपूर्ण जीवन से कभी मन में थकान होने लगती है। अति में तनाव लेने से मन में नकारात्मक बातें घर कर लेती हैं। मोह-माया में उलझे मनुष्य का मन जब अति भावुक और गंभीर होता है, तो उनमें घबराहट, दहशत, भय उत्पन्न होता है।
मन की निरर्थक सोच को दूर कर, जीवन को सुंदर बनाने की आज की आवश्यकता है। समय-समय पर निराश और अति भावुक मन को जीवंत बनाइए और इस पल को भरपूर उत्साह से भरिए। सचेत और जिम्मेदार व्यक्तित्व बनिए। कुंठित मानसिकता से निकले बिना जीवन को साकार करना संभव नहीं। हो सकें तो सार को ग्रहण कीजिए। दुर्भाव रखने से मन दुर्बल होता है।
जीवन से थके-हारे, शोक, चिंता और संताप से मन को मुक्त कीजिए। सुख, शांति, तेजस्वी और शक्तिशाली जीवन का आधार आपका स्वस्थ मन है। मानसिक थकान, मजबूत मन के अभाव में हर कार्य में असफलता मिलती है। शिकवे-शिकायतें करना बंद कीजिए। अपनी ऊर्जा की बर्बादी मत कीजिए। नए सृजन के लिए तैयार रहिए। आत्म-संतुष्टि के लिए सात्विक जीवन अपनाइए। मन के अनावश्यक बंदिशों को दूर कीजिए। दिव्य गुणों को धारण कर अपने भीतर की क्षमताओं को उजागर कीजिए।
हारिए मत। आपके विचारों में जीवन को नया आकार देने, हर कठिनाई से निकलने और अद्भुत कार्य करने की असीम संभावनाएं हैं। आप किसी भी परिस्थिति में रुकिए मत! दृढ़ संकल्प लेकर आगे बढ़िए। अपने शौक, हुनर और चाहत को किसी के लिए दिल में दफन मत कीजिए। घुटकर जीना जिंदगी नहीं, मौत से जूझकर भी अपने स्वाभिमान, सम्मान और अच्छे कार्य को पूर्ण करने का जज्बा बनाए रखना जिंदगी है। हार की कल्पना मत कीजिए। जीत के लिए प्रयास कीजिए।
शारीरिक, मानसिक और आर्थिक हर दृष्टि से जीवन में तकलीफें आएंगी। गुजरना है हर पल एक हादसे से और फिर भी जीने के लिए तैयार रहिए। डूबना नहीं गम में, निकलना है हर क्षण दर्द से आगे। अपनी पवित्र भाव से हर कार्य में बेहतर परिणाम मिलेंगे। अपने दिल-दिमाग को अच्छी सोच, कार्य और व्यवहार से नई ताजगी देते रहें ।
आप भटकती आत्मा नहीं, इसलिए हर छोटी सी बात पर अंतरयुद्ध में मत उलझिए। आप जीवित, जागृत, जिज्ञासु, कर्मठ, जुझारू, कर्तव्यशील, सेवाभावी, परोपकारी, रिश्ते-नाते, मित्रता को निभाने वाले और समस्त मानव जाति के लिए सद्भाव रखने वाले ईमानदार व्यक्तित्व हैं।
आपका जन्म कोई साधारण बात नहीं, जीवन के हर क्षण को जीने के लिए है, उसे बेहतर बनाने के लिए है। मानव जीवन के उद्देश्य को जानिए और उसे पूर्ण कीजिए। पीछे नहीं, आगे देखें ! करना क्या है ? पहले विचार कीजिए। खुद के लिए पहले कार्य कीजिए, सफल बनिए, मेहनत कीजिए। एकाग्र मन महान लक्ष्य की प्राप्ति का श्रेष्ठ मार्ग है। अव्यवस्थित होकर नहीं, शांत चित्त होकर जीवन की ध्वनि को सुनिए! महसूस कीजिए। एकांत में चिंतन कर सही निर्णय लीजिए।
अपनी भावनाओं को जब तक सांसारिक चीजों से जोड़कर रखेंगे, आत्मिक सुख नहीं पाएंगे। आत्म संवाद कीजिए। पवित्र भावनाओं से धर्म, अध्यात्म, नैतिक आचरण को आत्मसात कीजिए। हर पल को अनमोल मानकर, नेक कर्म के लिए खुद को प्रेरित कीजिए। अति में भोगी प्रवृत्ति मन को रोगी बना देती है। सांसारिक जीवन में लिप्त मन हर पल आकर्षित होता है काम, क्रोध, मद, माया, वासना और लोभ की ओर। बुरी लत से मन का हर कोना अपवित्र हो जाता है।
कर्म योगी बन, कठिन साधना और संयमित जीवन से अज्ञान को दूर कर अलौकिक सुख की प्राप्ति होती है। दैनिक जीवन शैली हर पल हमारी मानसिकता को प्रभावित करती है। विचारों के सहज समन्वय से जीवन सुंदर बनता है। जीवन प्रबंधन के लिए सकारात्मक होना जरूरी है।
स्थिर और शांत चित्त होकर जीवन के हर क्षण को जीने के लिए मन में हर बात को गांठ बांधकर रखना, ज्यादा सोचना बंद कीजिए, बस कर्म पर ध्यान दे, सही जो है वहीं कीजिए। खुद को किसी गलती के लिए, कोसना बंद कीजिए, आगे की सोचिए। जीवन एक यात्रा है, और हर पल एक नई शुरुआत का अवसर।
अपने मन को सकारात्मक और जीवंत रखकर, हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं और अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। यदि हम यथार्थ का सामना करते हैं और अपने मन को सकारात्मक और जीवंत रखते हैं, तो हम हर बाधा को पार कर सकते हैं और जीवन को उसके पूरे रंग में जी सकते हैं।…जीवन में, आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें अपने मन को मजबूत और सकारात्मक रखना होगा, तभी हम अपने लक्ष्यों को हासिल कर पाएंगे…और जीवन का आनंद ले पाएंगे।
कविता :
जीवन है एक सफर, बढ़ते रहो,
सपनों को पकड़ो, हार मत मानो।
हर पल को जीने का ले लो अवसर,
भीड़, भ्रम सब का सामना कर लो।
_______________________________________







