संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय)
“स्वस्थ बचपन, सुरक्षित भविष्य” : कन्नौज में टीडी-एनडीपीटी टीकाकरण अभियान की प्रेरणादायक शुरुआत की गई।
कन्नौजः जनपद में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए टीडी-एनडीपीटी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। डिप्थीरिया, परट्यूसीस (काली खांसी) और टिटेनस जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से बचाव के उद्देश्य से यह अभियान 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जा रहा है।
मकरंद नगर स्थित के.एस. हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता ने फीता काटकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों का समय पर टीकाकरण न केवल उन्हें बीमारियों से बचाता है, बल्कि एक स्वस्थ समाज की नींव भी रखता है।
अभियान के पहले दिन 10 से 16 वर्ष आयु वर्ग के कई छात्र-छात्राओं का टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय में बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बृजेश शुक्ला, डॉ. जितेंद्र नाग, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधांशु दुबे, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह अभियान न केवल रोगों की रोकथाम का माध्यम है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें एक सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करें।







