दीप सिंह कन्नौज उत्तर प्रदेश
(नया अध्याय)
सतर्क पुलिसिंग से टली वारदात: अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार।
कन्नौज, 21 अप्रैल 2026ः जनपद कन्नौज में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना सौरिख पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध असलहे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ सुरेश कुमार के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।
प्रभारी निरीक्षक जयन्ती प्रसाद गंगवार के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बहादुरपुर-मझिगवा अंडरपास (आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे सर्विस रोड) के पास अवैध तमंचा लेकर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 12 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक सिंह (20 वर्ष) पुत्र ब्रह्मपाल सिंह, निवासी ग्राम सुखसैनपुर थाना इंदरगढ़, जनपद कन्नौज बताया।
बरामदगी के आधार पर थाना सौरिख में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है, जिससे उसकी मंशा पर गंभीर सवाल उठते हैं।
सख्ती के साथ मुस्तैद पुलिस टीम
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जयन्ती प्रसाद गंगवार, उपनिरीक्षक देवी सहाय वर्मा, कांस्टेबल राजेश एवं कांस्टेबल रविपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह गिरफ्तारी एक बार फिर दर्शाती है कि कन्नौज पुलिस क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।







