संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
तिर्वा की सियासत में नई हलचल: राम शंकर लोधी की दावेदारी को नुक्कड़ सभाओं से मिल रहा जनसमर्थन।
कन्नौज (तिर्वा): चुनावी मौसम नजदीक आते ही तिर्वा विधानसभा क्षेत्र की सियासत में हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सक्रिय नेता राम शंकर लोधी इन दिनों गांव-गांव जाकर नुक्कड़ सभाओं के जरिए जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। उनकी यह सक्रियता न केवल क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को गर्मा रही है, बल्कि उनकी दावेदारी को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
राम शंकर लोधी अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं और लोगों से समाजवादी पार्टी के समर्थन की अपील कर रहे हैं। उन्होंने अपनी दावेदारी रखते हुए कहा कि तिर्वा विधानसभा क्षेत्र में लोधी समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी है, ऐसे में पार्टी को सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इस बार उन्हें प्राथमिकता देनी चाहिए।
राजनीतिक मंचों से उन्होंने भाजपा पर भी तीखा प्रहार किया और कहा कि अब जनता झूठे वादों और दिखावटी विकास से ऊब चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले चुनाव में जनता बदलाव का मन बना चुकी है और विकास, रोजगार व खुशहाली के लिए समाजवादी पार्टी को समर्थन देगी।
इस जनसंपर्क अभियान में उनके साथ विधानसभा सचिव कौशलेंद्र शाक्य, ब्रजेश कुमार प्रजापति, राजेश प्रजापति, सचिन यादव, रवि यादव, बाबा ज्ञानदास और डॉ. सुभाष चंद्र जाटव सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
तिर्वा की धरती पर बढ़ती राजनीतिक सक्रियता यह संकेत दे रही है कि आने वाला चुनाव बेहद रोचक और प्रतिस्पर्धी होने वाला है, जिसमें स्थानीय समीकरण और जनसंपर्क अभियान निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।







