संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
“धरती की सेहत, मानवता की जिम्मेदारी” — विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता गोष्ठी सम्पन्न।
प्रकृति और मानव जीवन के अटूट संबंध को सुदृढ़ बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनमानस में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विनोद दीक्षित में एक सारगर्भित एवं प्रेरणादायक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमिता पटेरिया ने की। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधांशु दुबे ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने जल, वायु और भूमि के संरक्षण को मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
गोष्ठी में डॉ. हर्षित शंकर, डॉ. निक्की आनंद सहित मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षु डॉक्टरों ने भी सहभागिता की। साथ ही मरीजों और उनके तीमारदारों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से धरती को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
यह आयोजन न केवल जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि प्रकृति के प्रति कर्तव्यबोध को भी सशक्त करने का एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ।







