ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत अल्मोड़ा
(नया अध्याय)
बदहाल स्वास्थ व्यवस्थाएं शीघ्र नहीं सुधरीं तो होगा आंदोलन : मनोज तिवारी
अल्मोड़ा: विधायक मनोज तिवारी ने जिले में स्वास्थ व्यवस्थाओं की बदहाली के बारे में सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा की स्थिति काफी खराब है, जिस सेवा पर आम जनता की जिंदगी निर्भर करती है वो आज लापरवाही और अव्यवस्था की भेंट चढ़ रही है।
विधायक तिवारी ने कहा कि कई बार आपात स्थिति से 108 एंबुलेंस सही समय पर नहीं पहुंच पाती है जिससे गंभीर मरीजों को और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। 108 एंबुलेंसों के बार बार खराब होने की शिकायतें मिलती हैं। कभी उनके टायर फटने, कभी ईंधन खत्म होने और कभी अन्य खराबी की बात सामने आती हैं। इससे स्वास्थ व्यवस्थाओं पर लापरवाही के सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जैसे बड़े जिले में आज भी जरूरी सुपर स्पेशलिटी डॉक्टरों की भारी कमी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला चिकित्सालय व अन्य सभी सरकारी अस्पतालों तथा मेडिकल कॉलेज में भी नेफ्रोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरो सर्जन जैसे अहम विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं। जिससे गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को मजबूर होकर बाहर हल्द्वानी, रुद्रपुर, बरेली या अन्य जगहों के लिए भटकना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति काफी चिंताजनक ही नहीं बल्कि स्वास्थ सेवाओं के प्रति सरकार की उदासीनता को भी दर्शाता है। अबतक इन अहम पदों को भरने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जो सीधे तौर पर आम जनता के जीवन में खिलवाड़ है।
विधायक तिवारी ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाली सहित अन्य समस्याओं को वो पहले ही विधानसभा में उठा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद भी ज़मीनी स्तर पर अभी तक हालात में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन गंभीर मुद्दों पर केवल आश्वासन तक ही सीमित है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र इस पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो फिर जन आंदोलन किया जाएगा।







