संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय)
रहस्यमयी हालात में नहर में मिला किशोरी का शव, हत्या की आशंका से सहमा इलाका।
कन्नौज: जनपद के ठठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नयेपुरवा गांव के पास गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब निचली गंग नहर में एक किशोरी का शव बहता हुआ दिखाई दिया। बहते-बहते शव गांव के सामने झाड़ियों में फंस गया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलते ही ठठिया पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। प्रथम दृष्टया किशोरी के गले पर मिले निशान हत्या की आशंका को बल दे रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में पहचान कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अधिकांश लोगों का मानना है कि किशोरी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नहर में फेंका गया है।
थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







