

संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
खनन माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा: कन्नौज में चला व्यापक अभियान, 29 वाहन सीज।
कन्नौज: जनपद कन्नौज में अवैध खनन के विरुद्ध जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्रि एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान ने खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना वैध प्रपत्रों के बालू और मौरंग का परिवहन करते पाए जाने पर कई वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, वहीं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई।
खनन स्थलों पर छापेमारी करते हुए अवैध खनन में लिप्त लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किए गए। खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जुर्माना वसूली सहित अन्य आवश्यक कार्यवाहियां भी प्रभावी ढंग से अमल में लाई गईं।
जनपद स्तर पर हुई कार्रवाई के अंतर्गत कुल 12 चालान किए गए और 29 वाहनों को सीज किया गया। इस दौरान ₹15,20,060 का शमन शुल्क तथा ₹1,53,400 का अन्य शुल्क वसूल कर प्रशासन ने अपनी सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया।
छिबरामऊ और तिर्वा क्षेत्रों में गठित संयुक्त टीमों ने इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। टीमों में उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, परिवहन विभाग, खनन विभाग के अधिकारी तथा संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षक और यातायात पुलिस शामिल रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।







