संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)


कदमताल के साथ सफलता की ओर बढ़े प्रशिक्षु, दीक्षांत समारोह की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा।
कन्नौज: रिजर्व पुलिस लाइन्स कन्नौज में वर्ष 2025-2026 उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी प्रशिक्षण के दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने समारोह से पूर्व आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली तथा प्रशिक्षु आरक्षियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट, ड्रिल और अनुशासन का सूक्ष्म अवलोकन किया। प्रशिक्षुओं की सधी हुई चाल, जोश और समर्पण भावना को देखकर उन्होंने उनकी सराहना की और भविष्य में भी इसी निष्ठा एवं ईमानदारी से कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।
एसपी ने रिहर्सल को और अधिक प्रभावशाली एवं आकर्षक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही समारोह को गरिमामय, सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025-2026 उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी प्रशिक्षण का दीक्षांत समारोह 26 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन्स कन्नौज में आयोजित किया जाएगा।






