संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
दीप प्रज्वलित कर पंचायती राज दिवस पर कन्नौज में मॉडल युवा ग्राम सभा का शुभारंभ।
कन्नौज: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जनपद कन्नौज के छिबरामऊ तहसील क्षेत्र स्थित भारतीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज, सिकंदरपुर में मॉडल युवा ग्राम सभा एवं ELP-PDS प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कन्नौज के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें 100 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी, चेयरमैन हरिहर सिंह, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पांडे, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अजय त्रिपाठी, भारतीय संस्कृति युवा मंडल हसेरन के अध्यक्ष मो. मुनव्वर, जिला महामंत्री शुभम विद्यार्थी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने कहा कि मॉडल युवा ग्राम सभा उत्तर प्रदेश में एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है और इसकी शुरुआत कन्नौज से होना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक समझ और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने मॉडल युवा ग्राम सभा का सजीव मंचन प्रस्तुत किया। युवाओं ने सरपंच, सचिव, वार्ड सदस्य, ग्राम विकास अधिकारी सहित विभिन्न भूमिकाएं निभाते हुए ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को दर्शाया। उन्होंने सड़क, नाली, पेयजल, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान भी प्रस्तुत किए।
इस दौरान मनरेगा सहित विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। युवाओं ने ग्राम विकास योजना (GPDP) तथा बजट निर्माण प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत कर पंचायत स्तर की कार्यप्रणाली को स्पष्ट किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन वक्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही ELP-PDS प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
प्रधानाचार्य योगेंद्र कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक होते हैं। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका अंजना बाजपेई ने किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और उपस्थित जनसमूह ने इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की।






