संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
कन्नौज में यूपी होमगार्ड्स परीक्षा की तैयारियां पूरी, अफसरों ने परखा सुरक्षा इंतजाम।
कन्नौजः जनपद में 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाली यूपी होमगार्ड्स परीक्षा 2026 को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। शुक्रवार को उच्चाधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र हरीश चन्दर ने जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की उपस्थिति में जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाएं तथा अन्य आवश्यक इंतजामों को बारीकी से परखा गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराई जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख से परीक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता साफ दिखाई दी।






