संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
जनसुनवाई से बढ़ा भरोसा, समाधान दिवस में प्रशासन ने सुनीं लोगों की समस्याएं।
कन्नौज: आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को थाना कन्नौज परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरणों तथा स्थानीय समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कर पारदर्शिता के साथ उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की प्राथमिकता यही रहे कि शिकायतकर्ता को न्याय के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनविश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि प्रत्येक प्रार्थना-पत्र को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए निर्धारित समयसीमा में उसका निस्तारण किया जाए।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने थाना स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना-पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में तत्परता और निष्पक्षता ही पुलिस की कार्यशैली की पहचान होनी चाहिए।
थाना परिसर में आयोजित इस जनसुनवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्रशासन और पुलिस आमजन की समस्याओं के प्रति सजग हैं तथा जनता को त्वरित राहत दिलाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।






